Home /
अपराध /
मैट्रिमोनियल एप पर शादी का झांसा देकर विधवा शिक्षिका से 5.90 लाख की ठगी, आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार
मैट्रिमोनियल एप पर शादी का झांसा देकर विधवा शिक्षिका से 5.90 लाख की ठगी, आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार
Chhattisgarh local news
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज दुर्ग ब्यूरो चीफ रिपोर्टर कलावती
दुर्ग। मैट्रिमोनियल एप पर शादी का प्रस्ताव देकर विश्वास में लेने और स्थानांतरण कराने का झांसा देकर एक विधवा शिक्षिका से 5.90 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को दुर्ग कोतवाली पुलिस ने ओडिशा से गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को सिंचाई विभाग का लिपिक बताकर वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच होने का दावा करता था। पुलिस जांच में आरोपी की पहचान सारंगढ़ निवासी 34 वर्षीय अर्जुन कसेर के रूप में हुई है।
मैट्रिमोनियल एप के जरिए बनाया संपर्क
पीड़िता दुर्ग के नयापारा निवासी हैं और शासकीय प्राथमिक शाला नवागांव (पुस्दा) में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। अक्टूबर 2024 में पति के निधन के बाद वह अपनी सास और दो नाबालिग बच्चों के साथ रह रही हैं। 23 मई को मैट्रिमोनियल एप के माध्यम से आरोपी अर्जुन कसेर ने उनसे संपर्क किया। आरोपी ने खुद को तलाकशुदा और सिंचाई विभाग में लिपिक बताया तथा विवाह का प्रस्ताव रखा। हालांकि पारिवारिक जिम्मेदारियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का हवाला देते हुए शिक्षिका ने तत्काल विवाह से इनकार कर दिया।
रायपुर के आसपास स्थानांतरण का दिया झांसा
विवाह प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद आरोपी ने शिक्षिका को रायपुर के आसपास स्थानांतरण कराने का भरोसा दिलाया। उसने दावा किया कि मुख्य कार्यकारी अधिकारी से उसकी बात हो चुकी है और स्थानांतरण कराने के लिए सात लाख रुपये खर्च होंगे। आरोपी ने शिक्षिका से छह लाख रुपये देने तथा एक लाख रुपये खुद मिलाने की बात कही।
आरोपी के झांसे में आकर पीड़िता ने मालवीय नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा से छह लाख रुपये का व्यक्तिगत ऋण लिया। इसमें से 90 हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से आरोपी को भेजे गए, जबकि पांच लाख रुपये रायपुर के एक रेस्तरां में नकद दिए गए।
पैसे लेने के बाद करने लगा टालमटोल
रकम लेने के बाद आरोपी स्थानांतरण आदेश और अपने तलाक संबंधी दस्तावेज देने में लगातार टालमटोल करने लगा। धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़िता ने 4 जून को आरोपी से 5.90 लाख रुपये वापस मांगे, लेकिन रकम वापस नहीं मिलने पर दुर्ग कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक और मामला
पुलिस जांच में स्मृति नगर चौकी क्षेत्र का एक अन्य मामला भी सामने आया, जिसमें आरोपी ने एक महिला को कृषि विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1.50 लाख रुपये ठगे थे। पुलिस टीम ने आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ | आपकी खबर • आपकी आवाज • हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
Written by
State Head - KISHOR_HP
Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in अपराध.
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!