हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
🌐 hamarpradeshcg.com
महासमुंद समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच किसानों को हो रही परेशानियों को लेकर पूर्व संसदीय सचिव एवं महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने ग्रामीण सेवा सहकारी समिति बिरकोनी, बड़गांव, कांपा और तुमगांव का निरीक्षण कर किसानों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान कई किसानों का रकबा शून्य किए जाने तथा धान की फसल वाले खेतों में दूसरी फसल दर्ज होने की शिकायत सामने आई। इसके चलते किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी हो रही है।
रकबा शून्य और फसल प्रविष्टि से किसान परेशान
विनोद चंद्राकर ने समिति कर्मचारियों से धान की तौलाई नियमानुसार और पूरी पारदर्शिता के साथ करने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसान कई महीनों तक मेहनत कर धान की फसल तैयार करता है, लेकिन खरीदी के समय रकबा शून्य होने और दूसरी फसल दर्ज होने जैसी समस्याओं के कारण उसे समितियों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि हर साल धान खरीदी के दौरान किसानों को अलग-अलग परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कभी रकबा शून्य कर दिया जाता है, तो कभी फसल की गलत प्रविष्टि के कारण किसान धान बेचने से वंचित हो जाते हैं। तौलाई में गड़बड़ी की शिकायतें भी सामने आती हैं। यह स्थिति किसानों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन रही है।
भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बोले– किसानों की समस्याओं पर मूंद रखी हैं आंखें
निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक चंद्राकर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार किसानों की परेशानियों को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं से मुंह मोड़ रही है और आत्ममुग्ध होकर बैठी है। उन्होंने कहा कि किसानों की अनदेखी सरकार के लिए नुकसानदायक साबित होगी।
किसानों के साथ कांग्रेस खड़ी, मनमानी बर्दाश्त नहीं होगी
विनोद चंद्राकर ने किसानों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी किसान हितों के लिए उनके साथ खड़ी है और किसानों की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने समिति प्रबंधकों को भी स्पष्ट कहा कि धान खरीदी में पारदर्शिता बरती जाए तथा किसी भी किसान के साथ मनमानी या अनावश्यक परेशानी न हो।
उन्होंने शासन-प्रशासन से किसानों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने और पात्र किसानों का धान बिना किसी बाधा के खरीदने की मांग की।
इस दौरान किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मानिक साहू, दिलीप चंद्राकर सहित अन्य कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
🌐 hamarpradeshcg.com
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!