✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू (H1N1) का संक्रमण लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। 3 सितंबर 2026 की स्थिति में प्रदेश में 15 नए मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही इस साल अब तक स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 176 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, कुल संक्रमितों में से 131 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि फिलहाल 45 मरीज एक्टिव हैं। इनमें 34 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं और 11 मरीज होम आइसोलेशन में रहकर उपचार करा रहे हैं।
📍 रायपुर में सबसे ज्यादा नए मरीज
3 सितंबर को मिले 15 नए मामलों में सबसे अधिक रायपुर में 7 मरीज सामने आए हैं। इसके अलावा दुर्ग में 5, जबकि कोरबा, महासमुंद और राजनांदगांव में 1-1 नए मरीज की पुष्टि हुई है।
जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, रायपुर में 7 नए मरीज मिलने के बाद इस साल अब तक कुल 73 मामले सामने आ चुके हैं। दुर्ग में कुल संक्रमितों की संख्या 22, बिलासपुर में 20, कोरबा में 11 और रायगढ़ में 10 पहुंच गई है।
⚠️ मौसम बदलाव के बीच स्वास्थ्य विभाग की अपील
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने मौसम में हो रहे बदलाव के बीच नागरिकों से सतर्कता बरतने और स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।
विशेषज्ञों के अनुसार, सर्दी, खांसी, बुखार, गले में खराश और शरीर में दर्द जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
प्रदेश में बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मरीजों के उपचार एवं निगरानी की व्यवस्था जारी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!