✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
भिलाई। वैशाली नगर स्थित खंडेलवाल भवन में सावन तीज क्वीन महोत्सव का भव्य एवं हर्षोल्लासपूर्ण समापन हुआ। इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘राधा रानी’ रखी गई, जिसके अनुरूप प्रतिभागियों ने पारंपरिक परिधानों और आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
महोत्सव के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मेहंदी प्रतियोगिता में निशि जैन, पूजा थाली सजाओ में नंदिता ताम्रकार और रंगोली प्रतियोगिता में सुनीता अग्रवाल ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं दुल्हन सजाओ प्रतियोगिता में दुर्गेश नंदिनी ने बाजी मारी।
तीन राउंड में हुई तीज क्वीन प्रतियोगिता
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण तीज क्वीन प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता को तीन राउंड—परिचय, रैंप वॉक और टैलेंट राउंड में आयोजित किया गया।
विभिन्न आयु वर्गों में विजेताओं का चयन किया गया। जूनियर वर्ग में पुष्पा मनीषा, सीनियर वर्ग में अंजलि पन्ना और सुपर सीनियर वर्ग में स्मिता को तीज क्वीन का खिताब मिला।
इसके अलावा बेस्ट स्माइल का पुरस्कार सुषमा शर्मा, बेस्ट हेयर एकता राय और बेस्ट ड्रेस का पुरस्कार नेहा प्रजापति को प्रदान किया गया।
33 स्टॉल रहे आकर्षण का केंद्र
महोत्सव में 33 स्टॉल लगाए गए, जहां ज्वेलरी, हैंडबैग, मेहंदी सहित विभिन्न प्रकार के उत्पाद और स्वादिष्ट व्यंजनों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की गई। स्टॉल पर महिलाओं और परिवारों की विशेष रुचि देखने को मिली।
अतिथियों और निर्णायक मंडल की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन सहित रजनी बघेल, विनीता पांडे और स्वीटी कौशिक समेत चैंबर ऑफ कॉमर्स तथा विभिन्न महिला संगठनों की प्रतिनिधियां उपस्थित रहीं।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में पूर्व मिस इंडिया लिगेसी कंचन गुप्ता, नेहा साहू और मनीष चौधरी शामिल रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन नम्रता सेन और ऋषि घोष ने किया। आयोजन को सफल बनाने में संयोजक डॉ. सविता काबड़वाल, पिया भौमिक, जिया फरिश्ता, नंदिता ताम्रकार और राजेश मिश्रा सहित आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महोत्सव में महिलाओं ने पारंपरिक संस्कृति, कला और प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सावन तीज के उत्सव को यादगार बना दिया।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!