
मनोज कुमार भट्ट स्टेट रिपोर्टर बस्तर छत्तीसगढ़
हमर प्रदेश सीजी
जगदलपुर के संभागीय और जिला कार्यालयों में चला सघन सफाई अभियान
अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया श्रमदान
जगदलपुर, 19 सितम्बर 2026/ ‘स्वच्छता ही सेवा’ और ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत शनिवार 19 सितंबर को जगदलपुर स्थित विभिन्न संभागीय और जिला स्तरीय शासकीय कार्यालयों में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। राष्ट्रव्यापी सेवा पखवाड़े की भावना को आत्मसात करते हुए विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं झाड़ू थामकर श्रमदान किया और अपने कार्यस्थल को स्वच्छ व सुंदर बनाने का संकल्प लिया।
इसी कड़ी में कार्यालय संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं जगदलपुर में संयुक्त संचालक के निर्देश पर विशेष सफाई कार्य संपन्न हुआ। यहाँ पदस्थ समस्त अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मुख्य कार्यालय परिसर के साथ-साथ अपनी-अपनी शाखाओं की गहन सफाई की। कर्मचारियों ने फाइलों और शासकीय दस्तावेजों को सुव्यवस्थित करने के साथ ही अनुपयोगी सामग्री को हटाकर दफ्तर को सुसज्जित रूप दिया।
स्वच्छता की यह अलख अन्य शासकीय कार्यालयों में भी देखने को मिली। संयुक्त संचालक कृषि कार्यालय जगदलपुर में भी अधिकारी-कर्मचारियों ने पूरे परिसर को साफ-सुथरा बनाने के लिए पसीना बहाया। वहीं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियंता एवं अधीक्षण अभियंता कार्यालय में भी व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान संचालित किया गया, जहाँ आंतरिक कमरों, गलियारों और बाहरी परिसर की विशेष सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
इसी तरह संभागीय जनसंपर्क कार्यालय जगदलपुर में भी अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरे समर्पण के साथ श्रमदान करते हुए अपने कार्यालय परिसर को स्वच्छ बनाया। इस दौरान इन कार्यालयों के अधिकारियों ने कहा कि कार्यस्थल की स्वच्छता कर्मचारियों में सकारात्मक ऊर्जा और नई कार्यकुशलता का संचार करती है ।सभी विभागों के अमले ने स्वच्छता को केवल एक दिन का औपचारिक कार्यक्रम न मानकर इसे अपनी दैनिक कार्यसंस्कृति और आदतों में शामिल करने का दृढ़ संकल्प दोहराया।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!