प्रेस क्लब में पहली बार स्थापित हुए गणपति, 10वें दिन सामाजिक समरसता और आस्था का दिखा अनूठा संगम
बिलासपुर।
अमूमन शहर की सियासत, अपराध और जनसमस्याओं पर पैनी नजर रखने वाले पत्रकारों का ठिकाना 'प्रेस क्लब' इन दिनों पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है। इतिहास में पहली बार बिलासपुर प्रेस क्लब परिसर में भगवान श्री गणेश की भव्य स्थापना कर गणेशोत्सव मनाया जा रहा है। मंगलवार को इस धार्मिक अनुष्ठान के 10वें दिन प्रेस क्लब किसी आध्यात्मिक केंद्र की तरह नजर आया, जहां भजन-कीर्तन, महाआरती और भोग-प्रसाद का सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
'सतीश पाठक की टोली' ने बांधा समां, सुरमयी भजनों पर देर तक थिरके श्रद्धालु
शाम 4 बजते ही प्रेस क्लब परिसर में ढोलक-मंजीरों की थाप गूंजने लगी। शहर की जानी-मानी 'सतीश पाठक रामायण एवं भजन मंडली' ने एक के बाद एक ऐसे मनमोहक भजन प्रस्तुत किए कि पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक सब कुछ भूलकर भक्ति रस में सराबोर हो गए। रात 9 बजे तक चले इस संगीतमय कार्यक्रम ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक बना दिया। आयोजन के अंत में प्रेस क्लब की ओर से भजन टोली के कलाकारों को श्रीफल व गमछा भेंट कर सम्मानित किया गया।
महाआरती में पहुंचे विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि
उत्सव के 10वें दिन शहर के प्रमुख सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने बप्पा के दरबार में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी ने एक सुर में बप्पा की महाआरती उतारी और शहर में अमन-चैन व खुशहाली की कामना की। आरती के बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें देर रात तक खिचड़ी और ताजे फलों का महाप्रसाद बांटा गया।
उत्सव में इनकी रही प्रमुख मौजूदगी
इस ऐतिहासिक और भव्य आयोजन को सफल बनाने में प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, कोषाध्यक्ष किशोर सिंह, सहसचिव हरिकिशन गंगवानी और कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव की अगुवाई रही।
साथ ही पूर्व अध्यक्ष तिलक राज सलूजा, वीरेंद्र गहवई, वरिष्ठ पत्रकार गणेश विश्वकर्मा, के.के. शर्मा, शिव तिवारी, प्रिय दुबे, राकेश मिश्रा, मनोज दुबे, ऋतु साहू, तीरथ लहरें, नारायण नोनिया, मोहम्मद इजराइल, अप्पू नवरंग, संतोष मिश्रा, सदाब खान, प्रवीण सिंह, रविन्द्र विश्वकर्मा, जफर आगा, अमन सिंह, शेयज कुमार, वासु तिवारी, प्रियंका सिंह, नीरज शुक्ल, ललित गोपाल और शशि मिश्रा, अभिषेक कुमार पाण्डेय सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक और मीडियाकर्मी बप्पा के आशीर्वाद के साक्षी बने।
✒️अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़ हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!