साइबर ठगी के नए तरीकों को पर्दे पर दिखाएगी रायगढ़ पुलिस: पुलिस अधिकारी-कर्मचारी भी कर रहे अभिनय, म्यूल अकाउंट और APK फ्रॉड से बचाव का देगी संदेश शॉर्ट फिल्म
रायगढ़। डिजिटल लेन-देन और सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के बीच साइबर अपराध के बदलते तरीकों से आम लोगों को सतर्क करने के लिए रायगढ़ पुलिस ने अब फिल्म का सहारा लिया है। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत रायगढ़ पुलिस साइबर ठगी के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म तैयार कर रही है। फिल्म में म्यूल अकाउंट, APK फाइल सहित अन्य माध्यमों से होने वाली ठगी को कहानी के जरिए समझाया जाएगा।
खास बात यह है कि फिल्म में रायगढ़ पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी भी अभिनय करते नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग रायगढ़ के अलग-अलग स्थानों पर की जा रही है, जबकि रायपुर से पहुंचे कलाकार और तकनीशियन भी निर्माण में सहयोग कर रहे हैं।
म्यूल अकाउंट और APK फाइल के जरिए होने वाली ठगी पर फोकस
शॉर्ट फिल्म में साइबर अपराधियों द्वारा म्यूल अकाउंट, APK फाइल और दूसरे डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर लोगों को ठगी का शिकार बनाने के तरीकों को कहानी के रूप में दिखाया जा रहा है।

फिल्म का उद्देश्य केवल साइबर ठगी के तरीके बताना नहीं, बल्कि ऐसे मामलों में लोगों को किन बातों से सतर्क रहना चाहिए और किस तरह खुद को ठगी का शिकार होने से बचाया जा सकता है, इसकी जानकारी भी सरल तरीके से देना है।
रायगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर चल रही शूटिंग
फिल्म की शूटिंग रायगढ़ के अलग-अलग स्थानों पर की जा रही है। इसमें रायगढ़ पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ रायपुर से आए कलाकार और तकनीकी टीम भी काम कर रही है।
पुलिस कंट्रोल रूम में भी फिल्म के महत्वपूर्ण दृश्यों की शूटिंग की गई है। फिल्म का निर्देशन ऋभु समर्थ सिंह कर रहे हैं।
हर सप्ताह अलग-अलग कॉन्सेप्ट से लोगों तक पहुंच रही पुलिस
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के अनुसार साइबर जागृति अभियान के तहत प्रदेशभर में लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। रायगढ़ पुलिस भी हर सप्ताह अलग-अलग कॉन्सेप्ट के माध्यम से आमजन तक पहुंचकर साइबर अपराध से बचने के उपाय बता रही है।
पुलिस द्वारा तैयार की जा रही यह शॉर्ट फिल्म किसी लघु फिल्म प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं है। इसका उद्देश्य साइबर अपराध के नए तरीकों और उनसे बचाव की जानकारी को आसान एवं प्रभावी तरीके से ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है।
अलग से चल रही ‘संकल्प : साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़’ लघु फिल्म प्रतियोगिता
साइबर जागृति अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस ने ‘संकल्प : साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़’ थीम पर अलग से लघु फिल्म प्रतियोगिता भी आयोजित की है। प्रतियोगिता दो श्रेणियों में रखी गई है और मोबाइल फोन से तैयार फिल्मों को भी स्वीकार किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में 3 से 6 मिनट की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपए, द्वितीय पुरस्कार 75 हजार और तृतीय पुरस्कार 50 हजार रुपए है। वहीं 1 से 3 मिनट की फिल्म अथवा रील की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार 75 हजार, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार और तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपए रखा गया है। इस तरह दोनों श्रेणियों में कुल 3 लाख 75 हजार रुपए के पुरस्कार निर्धारित हैं।
24 सितंबर तक भेज सकते हैं अपनी फिल्म
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी साइबर अपराध से संबंधित विषय पर अपनी फिल्म तैयार कर सकते हैं। प्रविष्टि जमा करने की अंतिम तारीख 24 सितंबर 2026 निर्धारित है, जबकि परिणाम 27 सितंबर 2026 को रायगढ़ के ऑडिटोरियम में घोषित किए जाने हैं।
प्रतिभागी अपनी फिल्म Google Drive या अन्य विश्वसनीय फाइल होस्टिंग प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर उसका सार्वजनिक लिंक साझा कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी के लिए संपर्क नंबर 8817420420 भी जारी किया गया है।
दीपक त्रिपाठी ( block reporter)
हमर प्रदेश CG www.hamarpradeshcg.com�
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!