✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलगांव थाना क्षेत्र की जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने गांजा बिक्री के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.330 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई है, और बिक्री की नगदी रकम बरामद की है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक 23 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम करंजा भिलाई में वेयर हाउस गोडाउन के सामने नहर किनारे एक व्यक्ति गांजा बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी अनिल पारधी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सफेद रंग के थैले में रखा 1.330 किलोग्राम गांजा और बिक्री से प्राप्त 700 रुपये नगद बरामद किए गए।
पूछताछ में सामने आया सप्लायर का नाम
पुलिस के अनुसार पूछताछ में अनिल पारधी ने गांजा देवा पारधी निवासी मुंगेली से खरीदकर लाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने बताए गए मुख्य आपूर्तिकर्ता देवा पारधी को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से गांजा बिक्री से प्राप्त 1,000 रुपये नगद बरामद किए गए।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 0841/2026 दर्ज किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b) एवं 27(a) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन या वितरण की जानकारी मिलती है तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!