✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
महासमुंद। जिले में मिलावटी और अमानक दुग्ध उत्पादों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। भलेसर स्थित वैद्य फूड्स से लिए गए पनीर के नमूने जांच में अमानक पाए जाने के बाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री को सील कर दिया है। जांच में फेल हुए खाद्य पदार्थ को नियमानुसार नष्ट भी कराया गया।
बताया गया कि मामले में महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के हस्तक्षेप के बाद खाद्य एवं औषधि विभाग सक्रिय हुआ। विभाग द्वारा जिले में एनालॉग पनीर, दूध और अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की जांच के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है।
कई प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने
खाद्य एवं औषधि विभाग के अधिकारी उमेश वर्मा के मार्गदर्शन में जिले के अलग-अलग प्रतिष्ठानों से पनीर और दुग्ध उत्पादों के नमूने लिए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत वैद्य फूड्स से पनीर का नमूना लिया गया था, जिसकी प्रयोगशाला जांच में रिपोर्ट मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई।
रिपोर्ट सामने आने के बाद विभाग ने अमानक खाद्य पदार्थ को नियमानुसार नष्ट कराया और वैद्य फूड्स की फैक्ट्री को सील कर दिया।
कश्यप ऑर्गेनिक के नमूने भी अमानक
इसी अभियान के तहत कश्यप ऑर्गेनिक, बसना से लिए गए पनीर और दही के नमूने भी जांच में अमानक पाए गए हैं। विभाग द्वारा संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
वहीं क्षीरसागरम स्वीट्स, सरायपाली, यश फैमिली रेस्टोरेंट, बागबाहरा और हर्षद मिष्ठान से लिए गए खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट अभी लंबित है।
खाद्य एवं औषधि विभाग के मुताबिक, जिन नमूनों की रिपोर्ट अमानक या फेल पाई गई है, उनके आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। लंबित नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!