✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
युवाओं को मिला सुरक्षा का संदेश: सड़क से साइबर दुनिया तक बरती सावधानी, नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ
सेवा संकल्प अभियान में सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध और नशामुक्ति को लेकर जिलेभर में चला जागरूकता अभियान
189 युवाओं के बने लर्निंग लाइसेंस, हेलमेट भी किए गए वितरित
महासमुंद, 24 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के अंतर्गत युवाओं को सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और नशामुक्ति को लेकर जागरूक किया गया। परिवहन विभाग, पुलिस विभाग, यातायात पुलिस, स्कूल शिक्षा एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त सहयोग से महासमुंद सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में युवाओं को सुरक्षित यातायात के नियमों के साथ-साथ डिजिटल दुनिया में होने वाली ठगी से बचने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। अभियान के दौरान जिलेभर में 189 लर्निंग लाइसेंस बनाए गए, वहीं युवाओं को हेलमेट भी वितरित किए गए।
महासमुंद से सरायपाली तक बने 189 लर्निंग लाइसेंस
लर्निंग लाइसेंस बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर लगाए गए। इनमें महासमुंद विकासखंड में 50, तुमगांव में 20, बागबाहरा में 15, पिथौरा में 20, बसना में 24 और सरायपाली में 60 लर्निंग लाइसेंस बनाए गए।
परिवहन अधिकारी प्रतीक शुक्ला ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लोगों में यातायात नियमों और स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता जरूरी है। हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग, नशे में वाहन नहीं चलाना तथा तेज गति से वाहन चलाने से बचना दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण है।
युवाओं को बताया गया कि 16 वर्ष की आयु में बिना गियर वाले वाहन तथा 18 वर्ष की आयु में गियर वाले वाहन के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार लाइसेंस बनवाना चाहिए। वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करना, सिग्नल का पालन करना, सुरक्षित तरीके से ओवरटेक करना, दो वाहनों के बीच से आगे निकलने से बचना तथा वाहन का बीमा कराना भी जरूरी है।
साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके
पुलिस विभाग ने युवाओं को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करते हुए फिशिंग, यूपीआई फ्रॉड, क्रेडिट-डेबिट कार्ड धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, बैंकिंग जानकारी की चोरी और ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग जैसी घटनाओं की जानकारी दी।
युवाओं से कहा गया कि अनजान कॉल, लिंक या मैसेज पर तुरंत प्रतिक्रिया न दें और ओटीपी, पिन, पासवर्ड तथा बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें। केवल आधिकारिक एवं सत्यापित ऐप और वेबसाइट का इस्तेमाल करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर संपर्क करने अथवा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
नशे से दूर रहने युवाओं को दिलाई शपथ
समाज कल्याण विभाग से जुड़ी संस्था शांति मैत्री ग्रामीण विकास के अध्यक्ष मनोज साहू ने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों से सावधान रहने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
इन संस्थानों में हुए जागरूकता कार्यक्रम
जिले के आठ विद्यालय एवं महाविद्यालयों में अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) महासमुंद, रामचंडी कॉलेज सरायपाली, भीमराव अंबेडकर कॉलेज बलौदा, वीरेंद्र बहादुर कॉलेज सरायपाली, सरस्वती शिशु मंदिर बसना, चंद्रपाल डडसेना कॉलेज पिथौरा और सरस्वती शिशु मंदिर तुमगांव सहित अन्य संस्थान शामिल रहे। इन्हीं स्थलों पर लर्निंग लाइसेंस बनाने के लिए शिविर भी लगाए गए।
कार्यक्रम में परिवहन विभाग से रामभरोस निर्मलकर, समाज कल्याण विभाग से विजय सिन्हा, यातायात पुलिस से हरीश कंवर तथा डाइट प्राचार्य अरुण प्रधान ने युवाओं को संबोधित किया। इस अवसर पर उप प्राचार्य उमा देवी शर्मा सहित ईश्वर चंद्राकर, संतोष साहू, किरण कन्नौजे, सुलभा द्विवेदी, दुर्गा सिन्हा, तिलोतमा प्रधान सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!