✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
उत्कृष्ट टर्नआउट वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित, अनुशासन और पेशेवर कार्यशैली को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
कबीरधाम। पुलिस बल में अनुशासन, शारीरिक दक्षता, सजगता एवं पेशेवर कार्यशैली को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस द्वारा प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को जनरल परेड का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में 11 सितंबर 2026, शुक्रवार को सुबह 6 बजे न्यू पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित जनरल परेड की पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) ने सलामी ली और परेड का विस्तृत निरीक्षण किया।
परेड निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारी-कर्मचारियों के टर्नआउट, वर्दी की सुसज्जता, अनुशासन, शारीरिक दक्षता एवं परेड संबंधी निर्धारित मानकों का बारीकी से जायजा लिया। उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय टर्नआउट प्रस्तुत करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री यादव ने कहा कि पुलिस बल की पहचान उसकी वर्दी, अनुशासन, सजगता और पेशेवर कार्यशैली से होती है। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी का व्यक्तित्व और टर्नआउट आमजन के बीच पुलिस की कार्यप्रणाली एवं अनुशासन की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करता है। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को समयबद्धता, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति पूर्ण समर्पण बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिन अधिकारी-कर्मचारियों का टर्नआउट निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया, उन्हें भविष्य में पूर्ण तैयारी एवं बेहतर टर्नआउट के साथ परेड में उपस्थित होने की कड़ी हिदायत दी गई। साथ ही वर्दी संबंधी निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने तथा पुलिस बल की गरिमा बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस वाहनों का भी किया निरीक्षण
जनरल परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक ने शासकीय पुलिस वाहनों का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों की साफ-सफाई, रखरखाव, तकनीकी स्थिति एवं आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता का जायजा लिया।
वाहन शाखा प्रभारी एमटीओ को जिले के सभी शासकीय वाहनों को नियमित रूप से दुरुस्त एवं ड्यूटी के लिए सदैव तैयार रखने के निर्देश दिए गए, ताकि कानून-व्यवस्था, आपातकालीन परिस्थितियों एवं अन्य पुलिस ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी से कार्य प्रभावित न हो।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस वाहनों की बेहतर स्थिति और समय पर रखरखाव त्वरित पुलिसिंग एवं प्रभावी रिस्पांस व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए वाहनों के नियमित निरीक्षण एवं आवश्यक रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
रक्षित निरीक्षक के नेतृत्व में हुआ परेड का संचालन
जनरल परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक श्री पुष्पेंद्र सिंह ने किया। परेड निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अनुशासित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री अखिलेश कौशिक, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती अंजू कुमारी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रशांत देवांगन, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती अपूर्वा क्षत्रिय सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
परेड के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस बल की कार्यकुशलता, अनुशासन, शारीरिक क्षमता, सजगता एवं पेशेवर उत्कृष्टता को और मजबूत करने पर जोर दिया। सभी अधिकारी-कर्मचारियों को कर्तव्य के प्रति निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन करते हुए आमजन को बेहतर एवं संवेदनशील पुलिसिंग उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!