✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
अप्रेंटिशिप से रोजगार की राह होगी आसान, जिले में तैयार हुआ प्लान
सरकारी और निजी उद्योगों से जोड़े जाएंगे युवा, प्रशिक्षण के साथ मिलेगी छात्रवृत्ति
महासमुंद, 18 सितंबर 2026। जिले के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला कौशल विकास समिति की बैठक जिला पंचायत कार्यालय महासमुंद में आयोजित की गई। जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रगति पोर्टल के माध्यम से अप्रेंटिशिप के प्रभावी क्रियान्वयन, युवाओं के चिन्हांकन, प्रशिक्षण तथा सरकारी और निजी उद्योगों से जोड़ने को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक में जिले के कौशल प्रशिक्षण केंद्रों, रोजगार कार्यालय, शासकीय पॉलिटेक्निक, सभी शासकीय आईटीआई, डिग्री कॉलेजों और संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों के साथ उद्योगों में उपलब्ध रिक्तियों तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं की जानकारी ली गई। साथ ही युवाओं को उनकी योग्यता और रुचि के अनुरूप रोजगार से जोड़ने के लिए व्यवस्थित रोडमैप तैयार करने पर चर्चा हुई।
स्किल इंडिया और नेशनल करियर सर्विस से जुड़ें युवा
जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद ने कहा कि भारत सरकार के कौशल विकास मंत्रालय के स्किल इंडिया पोर्टल और नेशनल करियर सर्विस के माध्यम से प्रशिक्षण तथा देश-विदेश में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी नियमित रूप से प्राप्त की जा सकती है। जिले के अधिक से अधिक युवाओं को इन पोर्टल पर पंजीयन कराकर अप्रेंटिशिप प्रशिक्षण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
अप्रेंटिशिप के दौरान युवाओं को प्रशिक्षण के साथ छात्रवृत्ति भी प्राप्त होगी। इससे युवाओं को पढ़ाई और नौकरी के बीच व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।
स्कूलों के विद्यार्थियों को कराया जाएगा आईटीआई का भ्रमण
युवाओं में तकनीकी शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए स्कूली विद्यार्थियों को एक्सप्लोरर विजिट के माध्यम से आईटीआई संस्थानों का भ्रमण कराया जाएगा। इसके लिए आईटीआई संस्थानों और स्कूली विद्यार्थियों की मैपिंग की जा रही है।
नई तकनीकों पर आधारित कोर्स पर जोर
जिले में स्थानीय रोजगार की जरूरत और उद्योगों की मांग के अनुसार नए कौशलों का समय-समय पर आकलन कर प्रशिक्षण की कार्यवाही की जा रही है। वर्तमान में सोलर पैनल इंस्टॉलेशन टेक्नीशियन और मल्टी स्किल वॉटर डिस्ट्रीब्यूशन ऑपरेटर जैसे पाठ्यक्रमों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आगामी समय में इलेक्ट्रिक व्हीकल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे आधुनिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
युवाओं को इन अवसरों की जानकारी शासकीय पॉलिटेक्निक महासमुंद, शासकीय आईटीआई महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा, बसना, सरायपाली, महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय महासमुंद, कौशल प्रशिक्षण केंद्र तथा रोजगार कार्यालय के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
कैंप लगाकर युवाओं का होगा पंजीयन और काउंसलिंग
जिले में संचालित आईटीआई, पॉलिटेक्निक, कौशल विकास केंद्र और डिग्री कॉलेजों में कैंप आयोजित कर युवाओं की काउंसलिंग एवं चिन्हांकन किया जाएगा। इसके बाद पात्र युवाओं का पोर्टल पर पंजीयन कराया जाएगा। जिले में एडवांस वेकेंसी मैपिंग और लक्षित अभ्यर्थियों के लिए कार्यशाला का आयोजन भी किया जाएगा।
क्या है अप्रेंटिशिप?
अप्रेंटिशिप एक ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग कार्यक्रम है, जिसमें युवा किसी कंपनी, संस्था या सरकारी विभाग में काम करते हुए व्यावहारिक कौशल सीखते हैं। यह क्लासरूम की पढ़ाई और पूर्णकालिक नौकरी के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु की तरह काम करता है। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाती है और इसकी अवधि सामान्यतः 6 माह से लेकर 2 वर्ष तक हो सकती है।
10वीं, 12वीं तथा ग्रेजुएशन, जिसमें इंजीनियरिंग और नॉन-इंजीनियरिंग दोनों शामिल हैं, उत्तीर्ण युवा अप्रेंटिशिप के माध्यम से अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।
प्रशिक्षण के साथ अनुभव और रोजगार का अवसर
अप्रेंटिशिप के माध्यम से युवाओं को वास्तविक मशीनों, उपकरणों और कार्यस्थल के वातावरण में काम करने का अनुभव मिलता है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त प्रमाण-पत्र भी प्राप्त होता है। संबंधित संस्था, कंपनी, फर्म या प्रतिष्ठान में कार्य के दौरान योग्यता के अनुरूप लगभग 5,000 से 9,000 रुपये प्रतिमाह तक छात्रवृत्ति दिए जाने का प्रावधान बताया गया है।
प्रशिक्षण के दौरान बेहतर कार्यक्षमता और संतोषजनक प्रदर्शन करने वाले युवाओं को संबंधित संस्था द्वारा नियमित कर्मचारी के रूप में नियुक्त किए जाने की संभावना भी रहती है। अप्रेंटिशिप के माध्यम से युवा अपनी रुचि और योग्यता के आधार पर देशभर की विभिन्न संस्थाओं, कंपनियों, फर्मों और प्रतिष्ठानों में कार्य का अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!