✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
स्वास्थ्य केंद्रों में व्यवस्थाओं की जमीनी पड़ताल, CMHO ने खल्लारी-बागबाहरा का किया निरीक्षण
साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता और मरीजों को समय पर उपचार देने के दिए निर्देश
महासमुंद, 25 सितंबर 2026। जिले के नवपदस्थ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. रामकेश्वर सिंह कुशवाहा ने पदभार ग्रहण करने के बाद जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खल्लारी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, उपचार व्यवस्था और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान CMHO ने ओपीडी, वार्ड, उपचार कक्ष सहित अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई की व्यवस्था, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपस्थिति, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता तथा मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मातृ-शिशु स्वास्थ्य योजनाओं की भी ली जानकारी
डॉ. कुशवाहा ने जननी सुरक्षा योजना सहित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाना चाहिए। मरीजों को बेहतर वातावरण, आवश्यक उपचार और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
समय पर उपस्थित होकर जिम्मेदारी निभाएं कर्मचारी
CMHO ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्धारित समय पर स्वास्थ्य केंद्रों में उपस्थित रहने तथा अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र में आम नागरिकों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी आपसी समन्वय से कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान बीएमओ बागबाहरा डॉ. बी.एस. बढ़ई सहित संबंधित चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!