Friday, September 25 2026
UDYAM-CG-
14-0083418
ताज़ा ख़बरें

Loading...

नंबर प्लेट पर टेप, पन्नी और मैग्नेट लगाकर चालान से बचने वालों पर बिलासपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: 724 वाहनों पर कार्रवाई, ₹7.24 लाख का जुर्माना; कई पर दर्ज हुआ क्रिमिनल केस

State Head - Kishor
State Head - Kishor
5 Min Read 0 Comments
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज

बिलासपुर: शहर की सड़कों पर ई-चालान और सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले शातिर वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। टेप, मैग्नेट, पन्नी चिपकाकर या नंबर प्लेट मोड़कर चलने वाले 724 वाहन चालकों पर अभियान चलाकर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने इन चालकों पर कुल 7 लाख 24 हजार रुपये का समन शुल्क लगाया है, जबकि कई मामलों में सीधे आपराधिक मुकदमे दर्ज कर आरोपियों को जेल भी भेजा गया है।

कैमरे से बचने के लिए अपना रहे थे अजीबोगरीब हथकंडे

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश और एएसपी (ट्रैफिक) रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में शहरभर में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के दौरान कई चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं। वाहन चालक कैमरों की पकड़ से बचने के लिए नंबर प्लेट पर कागज, कपड़ा, काली पन्नी, टेप, पेंट या मैग्नेट चिपका देते थे, ताकि नंबर स्पष्ट न दिखे। कुछ लोग नंबर प्लेट को नीचे की ओर मोड़कर वाहन दौड़ा रहे थे।

ट्रैफिक पॉइंट से कंट्रोल रूम तक का नेटवर्क सक्रिय

ऐसे वाहनों पर लगाम लगाने के लिए यातायात पुलिस ने अपने सभी 'टैंगो' पेट्रोलिंग और ट्रैफिक प्वाइंट्स को अलर्ट मोड पर रखा है। यदि कोई ऐसा वाहन चालक तेज रफ्तार में एक सिग्नल से भागने की कोशिश करता है, तो तुरंत कंट्रोल रूम के जरिए अगले चौक-चौराहे और संबंधित थाना पुलिस को सूचना देकर आगे के पॉइंट पर उसे दबोचा जा रहा है।

सिर्फ चालान से बचना नहीं, गंभीर अपराध की भी आशंका

यातायात पुलिस के अनुसार, नंबर प्लेट छिपाना केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि बेहद संदिग्ध गतिविधि है। कई बार लूट, छिनैती, सड़क हादसे और चोरी के वाहनों को छिपाने के लिए भी अपराधी इस तरीके का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे मामलों में पुलिस केवल ट्रैफिक चालान तक सीमित नहीं रह रही, बल्कि वाहनों की पृष्ठभूमि जांचकर संदिग्ध चालकों के खिलाफ थानों में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।

पुलिस की दो टूक अपील

बिलासपुर यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे वाहनों पर परिवहन विभाग के नियमानुसार स्पष्ट और वैध नंबर प्लेट ही लगाएं। नंबर प्लेट से किसी भी तरह की छेड़छाड़ आपको संदिग्ध बना सकती है, जिसके चलते भारी-भरकम आर्थिक जुर्माने के साथ-साथ जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है।

✍️अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़ हमर प्रदेश सी जी

State Head - Kishor
Written by

State Head - Kishor

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in Crime.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos