✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग/छत्तीसगढ़। शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शासकीय हाई स्कूल कुएं मारी में पदस्थ अंग्रेजी शिक्षक धर्मेंद्र दास वैष्णव सुबह करीब 7:30 बजे स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उफान पर आए नाले को पार करते समय तेज बहाव में वे मोटरसाइकिल सहित बह गए।
शिक्षक धर्मेंद्र दास वैष्णव ने किसी तरह हिम्मत दिखाते हुए खुद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन उनकी मोटरसाइकिल पानी के तेज बहाव में बह गई। करीब डेढ़ घंटे बाद मोटरसाइकिल घटनास्थल से दूर एक पेड़ में फंसी हुई मिली। बताया गया कि घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर करीब 100 फीट गहरा वॉटरफॉल भी है। ऐसे में यदि शिक्षक या मोटरसाइकिल बहकर आगे निकल जाती, तो गंभीर हादसा हो सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों के साथ कुएं संकुल एवं बावनी मारी संकुल के शिक्षक भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से लंबी रस्सियों की व्यवस्था की गई। इसके बाद ग्रामीणों और शिक्षकों ने काफी मशक्कत करते हुए नाले में उतरकर मोटरसाइकिल को रस्सियों से बांधा और सुरक्षित बाहर निकाला।
ग्रामीणों में प्रशासन और ठेकेदार के खिलाफ नाराजगी
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन और निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार के प्रति नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां बड़ी पुलिया का निर्माण होना था, लेकिन कथित तौर पर लापरवाही बरतते हुए छोटी पुलिया बना दी गई।
ग्रामीणों के अनुसार पुलिया के बीच में गड्ढा कर उसे अधूरा छोड़ दिया गया है। बारिश के दौरान नाले में तेज पानी आने पर गड्ढे और पानी की गहराई का सही अंदाजा वाहन चालकों को नहीं हो पाता। इससे यहां लगातार दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से पुलिया और सड़क की स्थिति का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!