बलौदाबाजार में उफनते नाले में बहा युवक, पेड़ की डाल पकड़कर बचाई जान; ढाई घंटे बाद रेस्क्यू
बलौदाबाजार। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच कसडोल क्षेत्र के बरघाट नाले में एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। गनीमत रही कि युवक बहते हुए एक पेड़ तक पहुंच गया और उसकी डाल पकड़कर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा। करीब ढाई घंटे तक युवक तेज बहाव के बीच पेड़ की डाल पकड़े फंसा रहा।
जानकारी के मुताबिक, युवक सिद्धबाबा जलप्रपात से लौट रहा था। इसी दौरान बरघाट नाला पार करते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बहने लगा। कुछ दूर बहने के बाद युवक ने एक पेड़ की डाल पकड़ ली। इसके बाद वह काफी देर तक तेज बहाव के बीच जिंदगी बचाने के लिए संघर्ष करता रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कसडोल पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान असनींद गांव के कुछ स्थानीय युवकों ने युवक को बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
स्थानीय युवकों ने रस्सी के सहारे उफनते नाले में उतरकर पेड़ तक पहुंच बनाई। काफी मशक्कत के बाद पेड़ पर फंसे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते हुए किए गए इस साहसिक रेस्क्यू के चलते युवक की जान बच गई।
बारिश में नदी-नाले पार करने से बचें
इस घटना ने एक बार फिर बारिश के मौसम में उफनते नदी-नालों को पार करने के खतरे को सामने ला दिया है। तेज बारिश के दौरान नदी-नालों का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि उफनते नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहें।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!