Saturday, September 26 2026
UDYAM-CG-
14-0083418
ताज़ा ख़बरें

Loading...

₹5 हजार की उधारी बनी हत्या की वजह, सबूत छिपाने रेलवे ट्रैक पर रखी लाश; 2 नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

State Head - Kishor
State Head - Kishor
99 Views 5 Min Read 0 Comments
₹5 हजार की उधारी बनी हत्या की वजह, सबूत छिपाने रेलवे ट्रैक पर रखी लाश; 2 नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार 

 

रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में महज ₹5 हजार की उधारी को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि उधार की रकम बार-बार मांगने से नाराज आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। इसके बाद हत्या के साक्ष्य छिपाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर रख दिया गया, ताकि घटना आत्महत्या या ट्रेन की चपेट में आने जैसी लगे। मामले में पुलिस ने दो नाबालिग समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

रेलवे ट्रैक पर मिला था शव

 

पुलिस के मुताबिक 17 अगस्त की सुबह सूचना मिली थी कि गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के गोगांव अंडरब्रिज स्थित पुरानी रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है। सूचना पर गुढ़ियारी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान छोटा अशोकनगर, गुढ़ियारी निवासी प्रीतम साहू के रूप में हुई।

 

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्धों से पूछताछ की। जांच आगे बढ़ने पर मामला हादसा नहीं बल्कि हत्या का निकला।

 

₹5 हजार की उधारी को लेकर हुआ था विवाद

 

पुलिस पूछताछ में आरोपी निखिल ध्रुव ने बताया कि उसने मृतक प्रीतम साहू से ₹5 हजार उधार लिए थे। प्रीतम लगातार अपने पैसे वापस मांग रहा था। 16 अगस्त की रात भी वह रकम मांगने आरोपी के पास पहुंचा, जहां दोनों के बीच विवाद हो गया।

 

आरोपी ने प्रीतम को रेलवे ट्रैक के पास स्थित ATM से पैसे निकालकर देने की बात कही। इसके बाद वह उसे अपने साथ रेलवे ट्रैक की ओर ले गया।

 

चाकू से हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर छोड़ा

 

पुलिस के अनुसार रेलवे ट्रैक के पास पहुंचने के बाद निखिल ध्रुव ने अपने साथी दीपक साहू और नितिन प्रधान तथा दो नाबालिगों के साथ मिलकर प्रीतम साहू पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में प्रीतम की मौत हो गई।

 

हत्या के बाद आरोपियों ने घटना के साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को रेलवे ट्रैक पर रख दिया, ताकि प्रथम दृष्टया यह लगे कि युवक ट्रेन की चपेट में आने से मरा है या उसने आत्महत्या की है।

 

2 नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

 

मामले में पुलिस ने CCTV फुटेज, पूछताछ और अन्य जांच के आधार पर पांच आरोपियों को पकड़ा है। इनमें निखिल ध्रुव, दीपक साहू, नितिन प्रधान और दो नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

क्राइम एंड साइबर ADCP गौरव मंडल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर घटना का खुलासा किया है। पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्यों के संबंध में भी जांच कर रही है।

State Head - Kishor
Written by

State Head - Kishor

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in Crime.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos