बिलासपुर (सिटी कोतवाली): मोबाइल पर चंद मिनट ज्यादा बात करना एक युवक को इतना भारी पड़ गया कि उसे अपनी जान बचाने के लिए सड़क पर दौड़ लगानी पड़ी। टिकरापारा के यादव मोहल्ले में मोबाइल पर ज्यादा देर बात करने से नाराज एक सिरफिरे युवक ने अपने ही परिचित पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। खुद को चर्चित गैंगस्टर के नाम पर 'दुर्लभ कश्यप' कहलवाने वाले इस आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने धर दबोचा है और सीधे जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है।
क्या है पूरा विवाद?
घटना 19 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे की है। यादव मोहल्ला निवासी हिमांशु कश्यप (22 वर्ष) ने अपने ही मोहल्ले के दीप कश्यप (21 वर्ष) से किसी काम के लिए मोबाइल मांगा। हिमांशु फोन पर बात करने लगा, लेकिन बातचीत थोड़ी लंबी खिंच गई। इसी बात पर दीप का पारा चढ़ गया। वह फोन छीनते हुए मां-बहन की गंदी गालियां बकने लगा और हिमांशु से मारपीट शुरू कर दी।
चाकू लहराते हुए सड़क पर दौड़ाया
विवाद इतना बढ़ गया कि दीप कश्यप ने अपनी जेब से धारदार चाकू निकाल लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए हिमांशु के पीछे दौड़ पड़ा। हिमांशु जान बचाने के लिए भागा, लेकिन टिकरापारा स्थित 'संतोष पान ठेला' के पास आरोपी ने उसे घेर लिया। दीप ने 'तुझे जान से मार दूंगा' कहते हुए हिमांशु पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में हिमांशु के बाएं हाथ पर गंभीर चोट आई। किसी तरह बचकर पीड़ित सीधे थाने पहुंचा और आपबीती बताई।
दबिश देकर आरोपी को दबोचा, हथियार बरामद
शिकायत मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस एक्शन मोड में आ गई। पुलिस ने आरोपी दीप कश्यप उर्फ दुर्लभ कश्यप के खिलाफ नए कानून BNS की धारा 296, 115(2), 351(2), 118(1) और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया।
पुलिस टीम ने देर रात ही आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे दबोच लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू जब्त किया गया। वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
✍️अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़ हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!