
✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने बदली ग्रामीण परिवारों की तस्वीर, नए घर में गृह प्रवेश के साथ चेहरे पर आई मुस्कान
महासमुंद, 11 सितंबर 2026। जिले के हजारों ग्रामीण परिवारों के लिए पक्का मकान अब केवल सपना नहीं, बल्कि उनकी जिंदगी की नई शुरुआत बन चुका है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जिले में 10,903 आवास पूर्ण हो चुके हैं। नए घरों में गृह प्रवेश के साथ परिवारों ने न केवल सुरक्षित छत पाई, बल्कि सम्मान, स्थायित्व और बेहतर भविष्य की उम्मीद भी हासिल की है।
जिले में पूर्ण हुए आवासों में महासमुंद विकासखंड के 2,921, बागबाहरा के 2,221, पिथौरा के 2,967, बसना के 1,132 और सरायपाली के 1,662 आवास शामिल हैं। अप्रैल 2026 से अब तक पूर्ण हुए आवासों में गृह प्रवेश के अवसर पर गांवों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। हितग्राही परिवारों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने नए घर में प्रवेश किया और सुख-समृद्धि की कामना की।
रंगोली, फूलों और खुशियों से सजे नए आशियाने
गृह प्रवेश के अवसर पर कई घरों को रंगोली, फूल-मालाओं और पारंपरिक सजावट से सजाया गया। वर्षों तक कच्चे मकान में मौसम की मार झेलने वाले परिवारों के लिए यह पल बेहद भावुक करने वाला रहा। किसी के लिए यह बारिश से बचाव की सुरक्षित छत है तो किसी के लिए बच्चों के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव।
इसी क्रम में केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों को आवास की सौगात दी गई। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सक्ती जिले में आयोजित कार्यक्रम में राज्यभर के प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास हितग्राहियों को चाबी सौंपी गई।
‘अब बारिश की चिंता नहीं’—लक्ष्मीबाई
बागबाहरा विकासखंड के ग्राम भालूचुंवा की श्रीमती लक्ष्मीबाई के लिए नया पक्का घर वर्षों की चिंता का समाधान लेकर आया है। उन्होंने बताया कि कच्चे मकान में बारिश, गर्मी और मौसम की दूसरी परेशानियां हमेशा चिंता का कारण बनी रहती थीं। प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला पक्का मकान अब परिवार को सुरक्षित और सुकून भरा जीवन देगा।
वहीं ग्राम घोयनाबाहरा के हितग्राही श्री सुकसिंग ने कहा कि पक्का घर मिलने से परिवार को केवल छत नहीं मिली, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और भविष्य के प्रति नई उम्मीद मिली है। उन्होंने इसे अपने परिवार के भविष्य की मजबूत नींव बताया।
घर की चाबी के साथ बदली जिंदगी की तस्वीर
नए आशियाने में प्रवेश करने वाले परिवारों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। हितग्राहियों का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने उनके वर्षों पुराने सपने को हकीकत में बदल दिया है।
ग्रामीण परिवारों के लिए यह योजना सिर्फ ईंट, सीमेंट और छत तक सीमित नहीं है, बल्कि एक सुरक्षित घर के साथ सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत का माध्यम बन रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!