✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
बंधवा तालाब में जनप्रतिनिधियों ने थामी झाड़ू, श्रमदान से दिया स्वच्छता का संदेश
सांसद रूपकुमारी चौधरी और विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने किया श्रमदान, पौधरोपण कर जल स्रोतों के संरक्षण का लिया संकल्प
महासमुंद, 23 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल ने बुधवार को महासमुंद शहर में स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 27 स्थित बंधवा तालाब में सुबह 8 बजे विशेष स्वच्छता अभियान, जल स्रोत जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी और विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा सहित जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, नगरपालिका, स्थानीय नागरिकों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हाथों में झाड़ू थामकर तालाब परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई की। इस दौरान कचरा एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाकर नागरिकों को जल स्रोतों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया। जिले के सभी नगरीय निकायों में भी जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण की गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के जिलाध्यक्ष श्री ऐतराम साहू, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर, जनपद सदस्य श्रीमती निधि चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक शामिल हुए। कलेक्टर श्री विनय लंगेह, जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर श्री रवि साहू सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।
‘जल स्रोतों की स्वच्छता हर नागरिक की जिम्मेदारी’
सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि जल स्रोत हमारे जीवन का आधार हैं। तालाब, कुएं और अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों में कचरा जाने से रोकना, पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करना और वर्षा जल का संरक्षण करना आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहद जरूरी है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वच्छता अभियान को केवल एक दिन का कार्यक्रम न मानें, बल्कि इसे अपनी दैनिक आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाएं। प्लास्टिक एवं अन्य कचरे का उचित निपटान तथा अधिक से अधिक पौधरोपण को भी उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
‘जनभागीदारी से बनेगा स्वच्छ और हरा-भरा महासमुंद’
विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति या संस्था तक सीमित नहीं है। जनभागीदारी से ही स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा महासमुंद बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि तालाब हमारे पारंपरिक जल स्रोत हैं, जिनका संरक्षण भूजल स्तर बनाए रखने के साथ पर्यावरणीय संतुलन के लिए भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने नागरिकों से तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों में कचरा और प्लास्टिक नहीं डालने तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
श्रमदान के बाद पौधरोपण, संरक्षण का लिया संकल्प
स्वच्छता अभियान के बाद बंधवा तालाब परिसर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधरोपण किया। इस दौरान हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने, जल का अपव्यय रोकने और उपलब्ध जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने का संकल्प लिया।
बंधवा तालाब में हुआ यह सामूहिक श्रमदान और पौधरोपण कार्यक्रम सेवा संकल्प अभियान के ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना को जमीन पर उतारता नजर आया, जहां जनप्रतिनिधियों से लेकर आम नागरिकों तक सभी ने मिलकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाई।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!