✍🏻 हमर प्रदेश ब्लॉक रिपोर्टर - आशीष यादव रतनपुर
खेत की झाड़ियों में छिपे वन्यजीव ने अचानक किया हमला, क्षेत्र में दहशत — ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील
पीपरखुटी।
अचानकमार टाइगर रिजर्व क्षेत्र से लगे दवनपुर, परसदा और पीपरखुटी (शिवतराई) के बीच धनहा खार खेत में शनिवार 12 सितंबर 2026 की सुबह करीब 7 बजे एक वन्यजीव के हमले की घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दवनपुर निवासी संजू मरकाम खेत की ओर गए थे। इसी दौरान झुंझ झाड़ी में छिपे बाघ अथवा बाघिन ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
हमले में संजू मरकाम के चेहरे, हाथ-पैर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया। सामने आई तस्वीरों में उनके हाथ और चेहरे पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं।
कई दिनों से गांवों के आसपास विचरण की चर्चा
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में एक बाघिन के पिछले कई दिनों से गांवों के आसपास विचरण करने की जानकारी सामने आती रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसकी जानकारी अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) प्रबंधन की ओर से भी क्षेत्रवासियों को दी गई है। हालांकि घटना में हमला करने वाला वन्यजीव बाघ है या बाघिन, इसकी आधिकारिक पुष्टि वन विभाग द्वारा किए जाने के बाद ही स्पष्ट होगी।
खेत और झाड़ियों की ओर जाने से बचें
घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों से विशेष रूप से अपील की गई है कि वे झुंझ झाड़ियों, खेतों के सुनसान हिस्सों और जंगल से लगे क्षेत्रों में अकेले न जाएं। बच्चों और बुजुर्गों को भी ऐसे स्थानों पर जाने से रोकने की सलाह दी गई है।
स्थानीय जंगल मितानिन ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में वन्यजीव की मौजूदगी को देखते हुए सभी लोग सतर्क और सावधान रहें तथा झाड़ियों वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें।
ग्रामीणों के लिए जरूरी सावधानी
अकेले खेत या जंगल की ओर न जाएं।
घनी झाड़ियों में बिना जांच किए प्रवेश न करें।
बच्चों को जंगल एवं खेत के सुनसान हिस्सों में न भेजें।
वन्यजीव दिखाई देने पर उसके पास जाने या फोटो लेने की कोशिश न करें।
तत्काल वन विभाग/ATR प्रबंधन को सूचना दें।
भीड़ लगाकर वन्यजीव को घेरने की कोशिश बिल्कुल न करें।
फिलहाल क्षेत्रवासियों में बाघिन की मौजूदगी को लेकर भय का माहौल है और ग्रामीण वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने तथा लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!