✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। नेवई थाना क्षेत्र के देवारपारा स्टेशन मरोदा में गाली-गलौज का विरोध करने पर महिला से मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गाली-गलौज का विरोध करने पर किया हमला
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त की रात करीब 7 बजे शशि देवारिन (30) चौपाटी से चाय पीकर अपने पिता के घर जा रही थीं। देवारपारा स्टेशन मरोदा के पास उनकी मां और बहन के साथ संतू तेलासी, पोखलू देवार और दादू देवार कथित रूप से गाली-गलौज कर रहे थे।
शशि ने गाली-गलौज करने से मना किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर विवाद करते हुए शशि और उनके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान संतू राम तेलासी पर धारदार हथियार से शशि पर हमला कर घायल करने का आरोप है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की शिकायत के बाद नेवई पुलिस ने अपराध क्रमांक 568/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 296, 351(3), 115(2) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान धारदार हथियार से चोट पहुंचाने की बात सामने आने पर धारा 118(1) बीएनएस भी जोड़ी गई।
पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान मुख्य आरोपी संतू राम तेलासी अपने घर पर मिला। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार बरामद कर लिया।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस ने 23 अगस्त को दोपहर 3:10 बजे संतू राम तेलासी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
संतू राम तेलासी (40 वर्ष)
निवासी बजरंग पारा, स्टेशन मरोदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग।
पुलिस के मुताबिक मामले के अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयप्रकाश खांडेकर, सउनि निगम पात्रे, प्रधान आरक्षक महावीर साहू तथा आरक्षक रवि बिसाई, विजय कुर्रे और शहबाज खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि विवाद या मारपीट की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!