✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
भिलाई। नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और शहर में निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरूचि सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नेहरू नगर पूर्व सीवर लाइन, निर्माणाधीन हाइजीनिक फूड जोन, पावर हाउस जवाहर मार्केट, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं ग्रीन टाउन से संबंधित कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ आवश्यक व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
नेहरू नगर पूर्व सीवर लाइन का किया निरीक्षण
आयुक्त सुरूचि सिंह ने सबसे पहले नेहरू नगर पूर्व स्थित सीवर लाइन का निरीक्षण किया। उन्होंने सीवर लाइन की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक सफाई एवं सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने कहा।
हाइजीनिक फूड जोन का काम जल्द पूरा करने के निर्देश
इसके बाद आयुक्त ने चंद्रा मौर्या के सामने निर्माणाधीन हाइजीनिक फूड जोन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
आयुक्त ने निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए इसे निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को व्यवस्थित और स्वच्छ वातावरण में खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए हाइजीनिक फूड जोन का लाभ जल्द मिल सके।
जवाहर मार्केट और प्रधानमंत्री आवास योजना की भी समीक्षा
इसी क्रम में आयुक्त ने पावर हाउस स्थित जवाहर मार्केट में प्रस्तावित कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रस्तावित कार्यों से संबंधित जानकारी लेते हुए आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्य जल्द शुरू हो सके और क्षेत्र के नागरिकों एवं व्यापारियों को इसका लाभ मिल सके।
वहीं वार्ड क्रमांक 22 कुरूद में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं ग्रीन टाउन के प्रस्तावित कार्यों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने प्रस्तावित कार्यों की स्थिति, आवश्यक सुविधाओं और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली तथा अधिकारियों को कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
आयुक्त सुरूचि सिंह ने कहा कि नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त डी.के. को, अमरनाथ दुबे, कुलदीप गुप्ता, कार्यपालन अभियंता सुनील जैन, अरविंद शर्मा, नितेश मेश्राम, सहायक अभियंता श्वेता वर्मा, उप अभियंता रीमा जामुलकर, अशोक देवांगन, दीपक देवांगन एवं जोन स्वास्थ्य अधिकारी अंकित सक्सेना, शंकर साहनी, बीरेन्द्र बंजारे सहित निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!