✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के चलते कई क्षेत्रों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी संबंधित जिला कलेक्टरों को पूरी सतर्कता के साथ राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाई जाए और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रशासन हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहे।
निचले इलाकों पर विशेष नजर
मुख्यमंत्री साय ने बाढ़ एवं जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निचले इलाकों तथा नदी-नालों के आसपास स्थित गांवों और बस्तियों पर विशेष नजर रखने को कहा है।
जलस्तर बढ़ने या बाढ़ की आशंका की स्थिति में लोगों को समय रहते सतर्क करने और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
राहत दल और आवश्यक संसाधन तैयार रखें
आगामी दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। राहत एवं बचाव दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रखने तथा जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निकाय, पंचायत और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा गया है।
भोजन, पानी और दवाइयों की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने प्रभावित लोगों के लिए आवश्यकता के अनुसार सुरक्षित आश्रय स्थल, भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जलभराव वाले मार्गों, पुल-पुलियों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में आवागमन को लेकर विशेष सावधानी बरतने तथा जोखिम वाले स्थानों पर लोगों की आवाजाही रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं।
स्थानीय सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य शासन बाढ़ और जलभराव की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कलेक्टरों से मैदानी अमले को सक्रिय रखने तथा स्थानीय स्तर से प्राप्त होने वाली प्रत्येक महत्वपूर्ण सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
प्रदेशवासियों से सावधानी बरतने की अपील
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों, उफनते नदी-नालों और तेज बहाव वाले स्थानों पर न जाएं। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी एडवाइजरी और दिशा-निर्देशों का पालन करें।
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज आपकी खबर • आपकी आवाज •
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!