✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज दुर्ग ब्यूरो चीफ रिपोर्टर कलावती
दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग में कुलसचिव पद को लेकर विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद पूर्व कुलसचिव डॉ. भूपेंद्र कुलदीप शुक्रवार को विश्वविद्यालय में ज्वाइनिंग देने पहुंचे, लेकिन शासन स्तर से कोई नया आदेश जारी नहीं होने का हवाला देते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें ज्वाइनिंग नहीं दी। इसके बावजूद डॉ. कुलदीप कई घंटों तक विश्वविद्यालय परिसर में मौजूद रहे।
ज्वाइनिंग को लेकर विश्वविद्यालय में रही हलचल
डॉ. भूपेंद्र कुलदीप के विश्वविद्यालय पहुंचने के बाद परिसर में हलचल तेज हो गई। विश्वविद्यालय के कर्मचारी और अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए थे। इस दौरान एक दिलचस्प स्थिति तब सामने आई, जब कुलसचिव के लिए आवंटित कक्ष पर ताला लगा मिला। माना जा रहा है कि संभावित विवाद या अप्रिय स्थिति से बचने के लिए विश्वविद्यालय प्रबंधन ने एहतियाती कदम उठाया होगा।
नए कुलसचिव की हो चुकी है नियुक्ति
गौरतलब है कि हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग में हाल ही में नए कुलसचिव की पदस्थापना की गई है। शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय ने बीते दिनों विश्वविद्यालय के कुलसचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। फिलहाल उनके दो दिनों के अवकाश पर रहने के कारण प्रभारी कुलपति की जिम्मेदारी अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. नीलू श्रीवास्तव को सौंपी गई है।
इसी बीच शासन के आदेश के तहत डॉ. भूपेंद्र कुलदीप की नवीन पदस्थापना उच्च शिक्षा संचालनालय, इंद्रावती भवन, नवा रायपुर में की गई थी। इस आदेश के बाद डॉ. कुलदीप ने न्यायालय का रुख किया। हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद वे एक बार फिर हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में ज्वाइनिंग देने पहुंचे, लेकिन शासन स्तर से स्पष्ट निर्देश नहीं होने के कारण उनकी ज्वाइनिंग नहीं हो सकी।
ज्वाइनिंग के संबंध में डॉ. भूपेंद्र कुलदीप से संपर्क किया गया, तो उन्होंने इस मामले में अपने वकील से बात करने की बात कही।
शासन के निर्देशों का पालन करेंगे: कुलपति
इस पूरे मामले पर हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय तिवारी ने कहा कि फिलहाल शासन स्तर पर कोई निर्णय नहीं हुआ है। विश्वविद्यालय प्रशासन शासन के निर्देशों का पालन करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला शासन और याचिकाकर्ता के बीच का है।
फिलहाल डॉ. भूपेंद्र कुलदीप की ज्वाइनिंग का मामला शासन के अगले निर्णय पर निर्भर है। अब देखना होगा कि इस संबंध में शासन की ओर से क्या निर्देश जारी किए जाते हैं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!