✍️ब्लॉक रिपोर्टर जयकिशन साहू नगरी धमतरी हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
### स्वर्गीय संतोष नेताम की स्मृतियों को समर्पित हुआ महानदी सभागार, धर्मपत्नी श्रीमती रश्मि नेताम ने किया लोकार्पण
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सेवाभावी व्यक्तित्व और विकास कार्यों में उनके योगदान को किया याद, कक्षा 12वीं की प्रश्न बैंक पुस्तक का भी हुआ विमोचन
धमतरी, 03 नवंबर 2026। जिला कार्यालय परिसर में नवनिर्मित स्वर्गीय श्री संतोष नेताम महानदी सभागार का लोकार्पण भावुक और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। स्वर्गीय संतोष नेताम की धर्मपत्नी एवं जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश श्रीमती रश्मि नेताम ने सभागार का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने स्वर्गीय नेताम के सरल व्यक्तित्व, कार्यशैली, सेवाभाव और जिले के विकास में उनके उल्लेखनीय योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
लोकार्पण के अवसर पर श्रीमती रश्मि नेताम ने कहा कि अपने जीवनसाथी की स्मृति में निर्मित सभागार का लोकार्पण उनके और परिवार के लिए अत्यंत भावुक एवं गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने इस संवेदनशील पहल के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने स्वर्गीय संतोष नेताम के साथ कार्य करने के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने जिले में विभिन्न विकास कार्यों, विशेषकर कलेक्टर सड़कों सहित अनेक निर्माण कार्यों में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। उनके कार्यकुशलता और सेवाभाव को सम्मान देने तथा आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान से परिचित कराने के उद्देश्य से सभागार का नाम उनके नाम पर रखा गया है।
कलेक्टर ने कहा कि जिला कार्यालय में प्रशासनिक बैठकें, समीक्षा बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम और अन्य शासकीय आयोजन होते रहते हैं। नवनिर्मित महानदी सभागार इन गतिविधियों के संचालन के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यह सभागार प्रशासनिक समन्वय और विचार-विमर्श को भी नई गति प्रदान करेगा।
कक्षा 12वीं की प्रश्न बैंक पुस्तक का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए तैयार कक्षा 12वीं कला संकाय की प्रश्न बैंक पुस्तक का भी विमोचन किया गया। इसमें इतिहास एवं राजनीति विज्ञान विषयों के प्रश्न संकलित किए गए हैं। यह पुस्तक विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी में मार्गदर्शन देने और विषयों की बेहतर समझ विकसित करने में सहायक होगी।
सेवाभाव और कार्यनिष्ठा के लिए हमेशा याद रहेंगे संतोष नेताम
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय श्री संतोष नेताम धमतरी में लोक निर्माण विभाग में कार्यपालन अभियंता के पद पर पदस्थ थे। शासकीय सेवाकाल के दौरान पिछले वर्ष नवंबर माह में हृदयगति रुकने से उनका आकस्मिक निधन हो गया था। वे अपने सरल स्वभाव, मधुर व्यवहार, मिलनसार व्यक्तित्व और कार्य के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे। उनके असामयिक निधन से विभाग और जिले के प्रशासनिक परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंची थी।
महानदी सभागार को उनके नाम समर्पित करना जिला प्रशासन की ओर से उनके प्रति सम्मान और श्रद्धांजलि का प्रतीक है। यह सभागार आने वाले वर्षों तक उनके सेवाभाव, कर्तव्यनिष्ठा और योगदान की याद दिलाता रहेगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा, पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडे, वनमंडलाधिकारी श्री कृष्णा यादव, नगर निगम आयुक्त श्री अरुण वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!