मनोज कुमार भट्ट स्टेट रिपोर्टर बस्तर छत्तीसगढ़
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
स्कूली बच्चों ने रंगों से कैनवास पर उकेरा ‘मेरे सपनों का भारत’
महापौर संजय पांडे ने की प्रतिभा की सराहना
जगदलपुर, 18 सितम्बर 2026/ शिक्षा विभाग द्वारा संचालित ‘सेवा संकल्प कार्यक्रम’ के अंतर्गत शुक्रवार को रचनात्मक गतिविधियों का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति और राष्ट्रप्रेम को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर एक भव्य चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
प्रतियोगिता के दौरान नन्हे कलाकारों ने तूलिका और रंगों के माध्यम से भविष्य के आत्मनिर्भर और विकसित भारत की सुंदर परिकल्पना को कैनवास पर जीवंत कर दिया। विद्यार्थियों के चित्रों में स्वच्छ भारत अभियान, हरित पर्यावरण, उन्नत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, महिला सशक्तिकरण, सर्वसुलभ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सामाजिक समरसता जैसे राष्ट्रीय महत्व के विषय प्रमुखता से झलके।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जगदलपुर महापौर संजय पांडे ने स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय जगदलपुर में छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों का आत्मीयता से अवलोकन किया और उनकी सृजनशीलता की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों की कल्पनाशीलता और सकारात्मक सोच ही भविष्य के समृद्ध भारत की मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों को औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ कला, साहित्य और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी श्री बलिराम बघेल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री अनिल दास और खंड स्रोत समन्वयक श्री राजेंद्र ठाकुर सहित दोनों शालाओं के प्राचार्य, शिक्षक, संकुल समन्वयक, स्थानीय पार्षद एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले सजग एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!