✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। धनतेरस के पावन अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला कैंप-1, दुर्ग-भिलाई के स्काउट्स एवं गाइड्स ने सराहनीय पहल करते हुए आसपास के क्षेत्रों में मिट्टी से बने दीयों का वितरण किया। गाइड कैप्टन नेहा उपाध्याय के नेतृत्व में बच्चों ने लोगों को मिट्टी के दीयों के माध्यम से दीपावली की शुभकामनाएं दीं और पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने की अपील की।
इस अवसर पर स्काउट्स एवं गाइड्स ने लोगों को संदेश दिया कि दीपावली पर ऐसे साधनों का उपयोग करना चाहिए, जिनसे पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे। उन्होंने प्लास्टिक एवं प्रदूषण फैलाने वाली वस्तुओं से दूरी बनाकर मिट्टी के दीयों जैसे प्राकृतिक और स्थानीय उत्पादों को अपनाने की अपील की।
बच्चों ने 'लोकल फॉर वोकल' का संदेश देते हुए कहा कि स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार की गई वस्तुओं की खरीदारी कर उनके रोजगार और स्थानीय बाजार को बढ़ावा देना चाहिए। मिट्टी के दीये न केवल हमारी परंपरा और संस्कृति के प्रतीक हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय की प्राचार्य जया तिवारी ने स्काउट्स एवं गाइड्स के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए सभी बच्चों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने गाइड कैप्टन नेहा उपाध्याय के नेतृत्व में किए गए इस कार्य को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस पहल के माध्यम से बच्चों ने दीपावली के पर्व पर पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन और स्थानीय कारीगरों के सम्मान का सुंदर संदेश दिया।
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज 
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!