✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
सेवा सेतु शिविरों में 26 योजनाओं की जानकारी के साथ होगा जनसमस्याओं का समाधान
1, 3, 5 और 6 अक्टूबर को क्लस्टरवार गांवों में लगेंगे शिविर, 2 से 8 अक्टूबर तक चलेगा दान उत्सव
महासमुंद, 25 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने सेवा सेतु अभियान एवं आगामी दान उत्सव की तैयारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा सेतु शिविरों को आमजन की समस्याओं के समाधान और शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनाया जाए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अनुपमा आनंद सहित जिला स्तरीय एवं मैदानी अधिकारी शामिल हुए।
कलेक्टर ने कहा कि सेवा सेतु शिविरों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए संबंधित गांवों में पहले से मुनादी एवं व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। पात्र हितग्राहियों से शिविर से पहले भी आवेदन प्राप्त कर लिए जाएं, ताकि शिविर के दिन उनका त्वरित निराकरण किया जा सके। उन्होंने शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने तथा संबंधित विभागों के मैदानी अमले की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिविरों में केन्द्र एवं राज्य शासन की 26 प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागवार स्टॉल लगाए जाएं। हितग्राहियों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं मिलने वाले लाभ की जानकारी पंपलेट और अन्य प्रचार सामग्री के माध्यम से उपलब्ध कराई जाए।
जिले के सभी विकासखंडों में 20 से 25 गांवों का क्लस्टर बनाकर 1, 3, 5 एवं 6 अक्टूबर को सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान के लिए संबंधित विकासखंड के अनुविभागीय अधिकारी नोडल अधिकारी तथा संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ सहायक नोडल अधिकारी होंगे।
2 से 8 अक्टूबर तक दान उत्सव, जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
बैठक में 2 से 8 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले दान उत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इसे व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाने के निर्देश दिए। 2 अक्टूबर को रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए रेडक्रॉस के सहयोग से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
दान उत्सव के दौरान नागरिकों को अंगदान और देहदान के लिए जागरूक एवं प्रेरित किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए खिलौना दान, जरूरतमंदों के लिए वस्त्र दान तथा शिक्षा दान के तहत पुस्तकों के दान के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके साथ ही जरूरतमंद युवाओं को रोजगारपरक बनाने के लिए कौशल विकास में सहयोग देने की अपील भी की जाएगी।
कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि दान उत्सव केवल वस्तुओं के दान तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी क्षमता के अनुसार सेवा और सहयोग से जोड़ने का माध्यम बने। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से गतिविधियों का आयोजन कर अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!