✍️ब्लॉक रिपोर्टर जयकिशन साहू नगरी धमतरी हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
धमतरी, 17 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से कुल 430 शासकीय सेवाओं को ऑनलाइन उपलब्ध कराया गया है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत स्तर पर प्रदान की जाने वाली कॉलोनाइजर प्रमाण पत्र की सेवा को भी सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन हेतु प्रारंभ किया गया है।
उक्त सेवा के सुचारू संचालन एवं ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से बीते दिनों जनपद पंचायत कुरूद के सभाकक्ष में संबंधित अनुमोदनकर्ता अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन प्राप्त करने, उनका परीक्षण करने एवं नियमानुसार अनुमोदन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कॉलोनाइजर प्रमाण पत्र हेतु प्राप्त होने वाले आवेदन अब सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ही ऑनलाइन स्वीकार किए जाएं।
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से सेवाओं को ऑनलाइन किए जाने से आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी तथा आम नागरिकों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। इसके साथ ही आवेदन की स्थिति की ऑनलाइन जानकारी, समयबद्ध निराकरण एवं प्रक्रिया में सरलता जैसे अनेक लाभ प्राप्त होंगे। इससे नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ अधिक सुगमता एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जा सकेगा।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!