✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
सेवा संकल्प से श्रमिक परिवारों को मिला आर्थिक संबल, महासमुंद में 52 हजार से अधिक श्रमिक हुए लाभान्वित
35.98 करोड़ से अधिक की सहायता भवन एवं सन्निर्माण कर्मकारों को, असंगठित श्रमिकों को भी मिला 9.21 करोड़ का सहारा
महासमुंद, 22 सितंबर 2026। श्रमिकों और उनके परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाएं महासमुंद जिले में हजारों परिवारों के लिए सहारा बन रही हैं। सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ संचालित योजनाओं के माध्यम से श्रमिकों को शिक्षा, मातृत्व, स्वास्थ्य, रोजगार, उपकरण, साइकिल और सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
01 जनवरी 2024 से 16 सितंबर 2026 तक छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जिले के 47,354 श्रमिकों को कुल 35 करोड़ 98 लाख 74 हजार 109 रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई है। वहीं छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल की योजनाओं से 4,931 श्रमिकों को 9 करोड़ 21 लाख 59 हजार 750 रुपए की सहायता मिली है। इस तरह जिले में कुल 52,285 श्रमिकों तक इन दोनों प्रमुख सामाजिक सुरक्षा व्यवस्थाओं का लाभ पहुंचा है।
शिक्षा से लेकर मातृत्व तक श्रमिक परिवारों को सहारा
श्रमिक परिवारों की माताओं और बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत 2,381 माताओं को 4 करोड़ 87 लाख 20 हजार रुपए की सहायता दी गई। मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना से 14,248 बच्चों को 5 करोड़ 51 लाख 49 हजार रुपए की सहायता मिली।
इसी तरह मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत 381 मेधावी विद्यार्थियों को 38 लाख 16 हजार 524 रुपए तथा निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए निःशुल्क गणवेश एवं पुस्तक-कॉपी सहायता योजना के माध्यम से 10,367 बच्चों को 2 करोड़ 61 लाख 14 हजार रुपए की सहायता प्रदान की गई। अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत 5 बच्चों तथा निःशुल्क कोचिंग सहायता योजना के तहत 345 बच्चों को शिक्षा संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
श्रमिक परिवारों की बेटियों को शिक्षा, कौशल और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस योजना के माध्यम से जिले की 5,274 बेटियों को 10 करोड़ 99 लाख 80 हजार रुपए की सहायता प्रदान की गई है।
विपरीत परिस्थितियों में भी बना योजनाओं का सहारा
श्रमिक परिवारों को संकट की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा देने के लिए भी सहायता उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत 429 हितग्राहियों को 4 करोड़ 33 लाख रुपए दिए गए। मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के तहत 1,805 वृद्ध श्रमिकों को 3 करोड़ 61 लाख रुपए तथा दीर्घायु सहायता योजना के अंतर्गत 4 श्रमिकों को 80 हजार रुपए की सहायता मिली।
औजार, सुरक्षा उपकरण और साइकिल से आसान हुआ रोजगार
श्रमिकों को उनके कार्य के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना के तहत 4,636 श्रमिकों को 1 करोड़ 60 लाख 94 हजार 584 रुपए की सहायता दी गई। मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना से 3,853 श्रमिकों को 57 लाख 79 हजार 500 रुपए तथा मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना के तहत 3,509 हितग्राहियों को 1 करोड़ 29 लाख 96 हजार 101 रुपए की सहायता मिली।
इसके अलावा मुख्यमंत्री सिलाई मशीन सहायता योजना से 86 हितग्राहियों को 6 लाख 79 हजार 400 रुपए तथा दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के माध्यम से 7 दीदियों को 7 लाख रुपए की सहायता प्रदान की गई। उत्कृष्ट खेल प्रोत्साहन योजना के तहत निर्माण श्रमिकों के 6 बच्चों को 3 लाख 65 हजार रुपए की सहायता दी गई है।
असंगठित श्रमिकों को भी सामाजिक सुरक्षा का कवच
छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के माध्यम से असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और उनके परिवारों को भी विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है। असंगठित कर्मकार महतारी जतन योजना के तहत 3,491 माताओं को 7 करोड़ 20 लाख 20 हजार रुपए की सहायता प्रदान की गई।
मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत 147 लाभार्थियों को 1 करोड़ 46 लाख रुपए, छात्रवृत्ति योजना के तहत 1,035 बच्चों को 15 लाख 29 हजार रुपए तथा ठेका श्रमिक, घरेलू महिला कामगार एवं हमाल श्रमिक प्रसूति सहायता योजना के तहत 192 महिलाओं को 38 लाख 40 हजार रुपए की सहायता मिली है। गंभीर बीमारी से जूझ रहे एक श्रमिक को 50 हजार रुपए की चिकित्सा सहायता भी प्रदान की गई है।
सफाई कर्मकार परिवारों को भी योजनाओं से जोड़ा
सफाई कर्मकारों के परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। सफाई कर्मकारों के बच्चों की छात्रवृत्ति योजना के तहत 5 बच्चों को 10 हजार रुपए, प्रसूति सहायता योजना के तहत 2 महिलाओं को 40 हजार रुपए तथा आवश्यक उपकरण सहायता योजना के अंतर्गत एक हितग्राही को एक हजार रुपए की सहायता प्रदान की गई है।
योजनाओं से मजबूत हो रहा श्रमिक परिवारों का भविष्य
महासमुंद जिले में श्रमिक कल्याण की योजनाएं केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से श्रमिक परिवारों के जीवन के अलग-अलग पहलुओं को मजबूती देने का प्रयास किया जा रहा है। बच्चों की शिक्षा आसान हो रही है, बेटियों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है, माताओं को आर्थिक सहारा मिल रहा है और श्रमिकों को अपने काम के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो रहे हैं। योजनाओं का यह सहयोग श्रमिक परिवारों के लिए कठिन परिस्थितियों में आर्थिक संबल के साथ बेहतर भविष्य की राह भी तैयार कर रहा है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!