✍️देवान सिंह गौरेला पेंड्रा मरवाही
जिला रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
पनीर, ग्रेवी, मलाई, मावा, खीर एवं सब्जियों के लिए गए नमूने
30 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान, गंदगी एवं प्रतिबंधित रंगों के उपयोग पर होगी कड़ी कार्रवाई
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 20 नवंबर 2026/ राज्य शासन के निर्देशानुसार आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में 16 से 30 नवंबर तक 15 दिवसीय विशेष अभियान ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों एवं स्ट्रीट फूड प्रतिष्ठानों की सघन जांच की जा रही है। अभियान के तहत पनीर, ग्रेवी, मलाई, मावा, खीर एवं सब्जियों के नमूने जांच हेतु लिए गए हैं।अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, बर्तनों एवं उपकरणों की स्वच्छता तथा खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता की जांच की जा रही है। विशेष रूप से मिठाई, ग्रेवी, बिरयानी, चाट, मंचूरियन एवं अन्य खाद्य पदार्थों में प्रतिबंधित तथा गैर-खाद्य रंगों के उपयोग पर निगरानी रखी जा रही है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने, वैध लाइसेंस एवं पंजीयन रखने तथा खाद्य सामग्री की पैकिंग एवं परोसने में अखबारी कागज का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान गंभीर गंदगी, मिलावट अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान का उद्देश्य खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता सुनिश्चित करने के साथ ही आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!