✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
जिला रिपोर्टर जगेश्वर पटेल गरियाबंद
गरियाबंद 18 नवंबर 2026
आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेशव्या
पी 15 दिवसीय विशेष अभियान 'सुरक्षित आहार, हमर अधिकार' के अंतर्गत गरियाबंद जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा एवं आयुक्त, खाद्य सुरक्षा, खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले के होटल, रेस्टोरेंट एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की जा रही है।
1. हैप्पी रेस्टोरेंट में वेज-नॉनवेज एक ही फ्रिज में - 2.8 किलो खाना नष्ट
16 नवंबर 2026 को मेसर्स हैप्पी रेस्टोरेंट एवं ढाबा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एक ही रेफ्रिजरेटर में शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थ संग्रहित पाए गए। इस पर मौके पर *लगभग 1 किलो उबले छोले-चना, लगभग 700 ग्राम तली हुई रंगयुक्त मछली तथा लगभग 400-400 ग्राम तली हुई करेला, गोभी और भिंडी की सब्जियों को नष्ट कराया गया। संचालक को नॉनवेज एवं बिरयानी में रंग का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए।
2. गरियाबंद शहर के 3 होटलों में जांच
17 नवंबर 2026 को गरियाबंद स्थित मेसर्स सेवक होटल, मेसर्स गरियाबंद बिरयानी तथा मेसर्स मधुबन रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। सभी संचालकों को कर्मचारियों का नियमित मेडिकल परीक्षण कराने तथा खाना बनाते, परोसते समय दस्ताने के उपयोग के निर्देश दिए गए।
3. छुरा में 2 किलो रंग वाली बूंदी नष्ट
18 नवंबर 2026 को छुरा में मेसर्स जय भोमिया जी बीकानेर स्वीट्स, मेसर्स आनंद स्वीट्स एवं मेसर्स देवांगन होटल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मेसर्स आनंद स्वीट्स में अत्यधिक रंगयुक्त लगभग 2 किलोग्राम बूंदी के लड्डू पाए गए, जिन्हें मौके पर नष्ट कराया गया।
विभाग के सख्त निर्देश
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के सभी खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देश दिए हैं:
- अपने परिसर एवं रसोईघर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखें
- खाद्य पंजीयन अथवा अनुज्ञप्ति प्रमाणपत्र को प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करना अनिवार्य
- कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े प्रतिष्ठानों को उपयोग किए जाने वाले पानी का वर्ष में कम से कम दो बार परीक्षण कराना होगा
15 दिनों तक जारी रहेगा विशेष अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार 'सुरक्षित आहार, हमर अधिकार' अभियान का मुख्य उद्देश्य खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना है। यह विशेष निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान लगातार 15 दिनों तक जारी रहेगा।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की अभिहीत अधिकारी श्रीमती ज्योति भानु ने बताया कि अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जाएगी तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!