गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने शुरू की पतासाजी, नदी से सुरक्षित बाहर निकालकर परिजनों को सौंपा
गरियाबंद। गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र में सुख नदी में बह रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। नदी से बाहर निकालने के बाद उसकी पहचान गुमशुदा शिक्षक नंदकुमार कंवर के रूप में हुई। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को नंदकुमार कंवर की पत्नी ने थाना छुरा पहुंचकर बताया कि उनके पति ग्राम सिवनी स्थित पूर्व माध्यमिक शाला में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। वे 17 अगस्त की सुबह अपनी मोटरसाइकिल पैशन प्रो क्रमांक CG 23 6481 से स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे।
परिजनों ने स्कूल स्टाफ, रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर नंदकुमार कंवर की जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद थाना छुरा में गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की।
पतासाजी के दौरान ग्रामीणों से पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति सुख नदी में बहते हुए नदी किनारे पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना छुरा की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी एवं पुलिस जवानों ने ग्रामीणों की मदद से नदी में फंसे व्यक्ति का रेस्क्यू अभियान चलाया और उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
नदी से बाहर निकाले गए व्यक्ति की पहचान गुमशुदा शिक्षक नंदकुमार कंवर के रूप में हुई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
इस रेस्क्यू कार्रवाई में थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल, प्रधान आरक्षक जयप्रकाश मिश्रा, अमित जांगड़े, रूपेंद्र जैन सहित स्थानीय ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
स्टेट रिपोर्टर — संतन दास मानिकपुरी
हमर प्रदेश CG न्यूज़
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!