सीसीटीवी फुटेज से खुला घर में सेंधमारी का राज: टुल्लू पंप चुराने वाला शातिर चोर बीरू देवार चढ़ा तखतपुर पुलिस के हत्थे, माल बरामद
तखतपुर (बिलासपुर)।
घरों में घुसकर घरेलू सामान पार करने वाले शातिर चोरों पर तखतपुर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। चुलघट रोड स्थित एक मकान से पानी का टुल्लू पंप चुराने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कॉलेजपारा निवासी आरोपी बीरू देवार को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

घर के भीतर से गायब हो गया था टुल्लू पंप
घटना 4 सितंबर की है, जब चुलघट रोड तखतपुर निवासी प्रार्थी के घर से अज्ञात चोर ने करीब 8,000 रुपये कीमत का टुल्लू पंप पार कर दिया। प्रार्थी की शिकायत पर तखतपुर थाने में अपराध दर्ज कर फौरन तफ्तीश शुरू की गई।
तीसरी आंख ने दिखाई चोर की करतूत
थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज की पड़ताल के दौरान कॉलेजपारा निवासी बीरू देवार (पिता दिलबहार) की संदिग्ध हरकतें कैमरे में कैद मिलीं। संदेह के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया।
जुर्म कबूला, 8 हजार का मशरूका बरामद
शुरुआती पूछताछ में आरोपी टालमटोल करता रहा, लेकिन तकनीकी सबूत सामने रखते ही उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। गवाहों की मौजूदगी में दर्ज मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने आरोपी की निशानदेही से 8,000 रुपये कीमत का चोरी हुआ टुल्लू पंप बरामद कर जब्त कर लिया। विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को सक्षम न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सराहनीय भूमिका:
चोरी के मामले को चंद घंटों में सुलझाने में थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान, सउनि रमेश ओरके, वरिष्ठ आरक्षक राजकुमार श्याम, हरीश यादव, नरेश निराला एवं संतोष पोर्ते की प्रमुख भूमिका रही।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़

हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!