सीएम हेल्पलाइन बनी सहारा, उग्रसेन नंदे को मिलेगा मुख्यमंत्री पेंशन योजना का लाभ
दो वर्षों से पेंशन के लिए कर रहे थे प्रयास, 1076 में शिकायत के बाद हुआ त्वरित निराकरण
महासमुन्द, 02 सितम्बर 2026। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। इसी क्रम में सरायपाली विकासखंड के ग्राम केन्दुढार निवासी 62 वर्षीय श्री उग्रसेन नंदे की पेंशन संबंधी समस्या का निराकरण कर उन्हें मुख्यमंत्री पेंशन योजना का लाभ दिलाने का रास्ता प्रशस्त किया गया है।
श्री उग्रसेन नंदे पिछले करीब दो वर्षों से वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त करने के लिए ग्राम पंचायत एवं जनपद पंचायत में आवेदन कर रहे थे। पेंशन राशि प्राप्त नहीं होने के कारण उन्हें दैनिक जीवन-यापन में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। लंबे समय तक समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्होंने अपनी शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज कराई।
शिकायत समाज कल्याण विभाग, महासमुन्द के संज्ञान में आने के बाद उप संचालक श्रीमती संगीता सिंह ने प्रकरण का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। निर्देश के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रकरण की जांच एवं आवश्यक परीक्षण किया गया। जांच में श्री उग्रसेन नंदे मुख्यमंत्री पेंशन योजना के लिए पात्र पाए गए।
इसके पश्चात उनके पेंशन प्रकरण का संबंधित समिति की बैठक में अनुमोदन कराया गया। साथ ही पेंशन राशि का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से हितग्राही के बैंक खाते में भुगतान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक ऑनलाइन प्रविष्टि भी की गई है। अब आगामी समय में श्री उग्रसेन नंदे को मुख्यमंत्री पेंशन योजना का नियमित लाभ प्राप्त हो सकेगा।
समस्या के निराकरण के बाद श्री उग्रसेन नंदे ने राज्य शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी लंबित समस्या का समाधान होने से उन्हें शासन की योजना का लाभ मिलने की उम्मीद जगी है।
H.R. SAHU — State Reporter — हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!