✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
भिलाई। शहर की सड़कों पर आवागमन बाधित करने वाले मवेशियों के खिलाफ नगर पालिक निगम भिलाई लगातार रोका-छेका अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में कोसा नाला स्थित दीक्षित कॉलोनी में सड़क पर बैठे मवेशियों को निगम की टीम ने पकड़कर हटाया।
दीक्षित कॉलोनी निवासी भौतिक कौशिक ने सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी कि कॉलोनी की सड़कों पर मवेशियों के बैठे रहने से आवागमन बाधित हो रहा है और रहवासियों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत मिलने के बाद निगम के रोका-छेका विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर अनावश्यक रूप से बैठे मवेशियों को पकड़कर हटाया गया। पकड़े गए मवेशियों को सुरक्षित रूप से कोसा नाला स्थित गौठान में पहुंचाया गया।
निगम अधिकारियों ने बताया कि नागरिकों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर इस तरह की कार्रवाई लगातार की जा रही है। सड़क पर मवेशियों के बैठने से यातायात प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
निगम ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ें। साथ ही नागरिकों से भी सड़क पर आवागमन बाधित करने वाले मवेशियों की जानकारी निगम को देने की अपील की गई है, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!