सिरगिट्टी में तेज रफ्तार कार ने मचाया हड़कंप, हादसे के बाद युवक-युवती के Kiss का वीडियो वायरल
बिलासपुर। शहर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ने के बाद विवाद का मामला सामने आया है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और कार सवारों के बीच जमकर बहस और मारपीट हुई। इसी दौरान कार के अंदर युवक-युवती के कथित तौर पर एक-दूसरे को किस करते हुए वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
जानकारी के मुताबिक घटना करीब तीन दिन पहले की बताई जा रही है। बारिश के दौरान सिरगिट्टी क्षेत्र की मुख्य सड़क पर कुछ युवक-युवतियां कार से घूम रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज रफ्तार में थी और चालक वाहन को लहराते हुए चला रहा था। इसी दौरान कार ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दुकान के पास फुटपाथ पर जा चढ़ी।
अचानक कार को अपनी ओर आता देखकर फुटपाथ और दुकान के आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कार की चपेट में कोई राहगीर नहीं आया।
कार में युवक-युवती का Kiss वाला वीडियो वायरल
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच कार में ड्राइवर और को-ड्राइवर सीट पर बैठे युवक-युवती का कथित तौर पर एक-दूसरे को किस करते हुए वीडियो सामने आया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने कार सवारों से हादसे और तेज रफ्तार को लेकर सवाल किए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि बहस देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
सड़क पर भिड़े कार सवार और स्थानीय लोग
वायरल वीडियो में कुछ लोग कार सवार युवकों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान कार में मौजूद युवती भी बाहर आई और युवक का पक्ष लेते हुए स्थानीय लोगों से बहस करने लगी।
आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ स्थानीय युवकों ने युवती के साथ भी मारपीट की और उसे थप्पड़ मारा। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और विवाद दिखाई दे रहा है।
नशे और नाबालिग होने के दावे की पुष्टि नहीं
प्रत्यक्षदर्शियों ने कार सवारों के नशे में होने का दावा किया है। वहीं कार चला रहे युवक के नाबालिग होने की बात भी सामने आई है। हालांकि इन दोनों दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इनकी वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
ऑटो चालक ने नहीं की शिकायत
बताया जा रहा है कि कार की टक्कर का शिकार हुए ऑटो चालक ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई। शिकायत नहीं मिलने के कारण दुर्घटना को लेकर अलग से अपराध दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस ने मामले में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 2 हजार रुपये का चालान किया है।
फिलहाल घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। तेज रफ्तार कार के कारण सड़क किनारे मौजूद लोगों की जान खतरे में पड़ने और हादसे के बाद हुए विवाद को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
HamarPradeshCG.com
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!