✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से सामाजिक बहिष्कार का एक गंभीर मामला सामने आया है। भखारा थाना क्षेत्र के तर्रागोंदी गांव में साहू परिवार के 31 सदस्यों का कथित रूप से पिछले करीब दो साल से सामाजिक बहिष्कार किए जाने का आरोप है। पीड़ित परिवार में बुजुर्ग, महिलाएं और 7 बच्चे भी शामिल हैं।
परिवार का आरोप है कि करीब दो साल पहले गांव में अतिक्रमण कर घर बनाने का आरोप लगाकर पंचायत स्तर पर उनका सामाजिक बहिष्कार कर दिया गया। इसके बाद परिवार के लोगों से बातचीत करने, उनके खेतों में काम करने और सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने पर कथित तौर पर रोक लगा दी गई।
बच्चों को भी सामान देने से इनकार का आरोप
पीड़ित परिवार के मुताबिक, गांव में उनके परिवार से कोई बातचीत नहीं करता। खुशी के कार्यक्रमों में उन्हें नहीं बुलाया जाता और किसी की मृत्यु होने पर उनके परिवार से कोई शामिल नहीं होता।
परिवार का आरोप है कि जब उनके छोटे बच्चे गांव की दुकानों पर बिस्किट या चॉकलेट खरीदने जाते हैं तो उन्हें भी सामान देने से मना कर दिया जाता है। परिवार का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरत का सामान खरीदने के लिए उन्हें दूसरे गांव जाना पड़ता है।
बात करने पर अर्थदंड लगाने का आरोप
पीड़ितों ने गांव के एक व्यक्ति पर प्रभावशाली होने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि कोई ग्रामीण इंसानियत के नाते उनके परिवार से बातचीत करता है तो उस पर भी कथित रूप से अर्थदंड लगाया जाता है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना अभी बाकी है।
परिवार का कहना है कि पिछले दो वर्षों से उन्हें अपने ही गांव में बेहद मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। बीमारी या जरूरत के समय भी उन्हें दूसरे गांव का रुख करना पड़ता है।
कलेक्टर कार्यालय पहुंचा पीड़ित परिवार
लगातार परेशानी झेलने के बाद पीड़ित परिवार ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। परिवार ने सामाजिक बहिष्कार खत्म कराने और कथित तौर पर फरमान जारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जिला प्रशासन की ओर से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। अब प्रशासनिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि सामाजिक बहिष्कार को लेकर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
यह मामला सामने आने के बाद सामाजिक बहिष्कार जैसी कुप्रथा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कानून और संविधान के तहत प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्राप्त हैं। ऐसे में प्रशासन की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!