‘बालोद। जिले के डौंडी नगर पंचायत में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सफाई कर्मचारी ने अपने दो साथी कर्मचारियों पर धारदार टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में रम्हू भुआर्य और प्रेमलाल भुआर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद डौंडी पुलिस ने आरोपी सफाई कर्मचारी गिरवर देहारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सब्जी मार्केट में किया हमला
जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार सुबह करीब 7 बजे की है। रम्हू भुआर्य और प्रेमलाल भुआर्य डौंडी के सब्जी मार्केट क्षेत्र में सफाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान नगर पंचायत में सफाई कर्मचारी और ट्रैक्टर चालक के रूप में पदस्थ गिरवर देहारी हाथ में धारदार टंगिया लेकर वहां पहुंचा और दोनों पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
हमले से पहले उपाध्यक्ष से पूछा था—‘आज बकरा खाएंगे क्या?’
घटना के प्रत्यक्षदर्शी डौंडी नगर पंचायत उपाध्यक्ष संजीव कुमार मानकर के अनुसार, हमला करने से कुछ देर पहले आरोपी उनके पास आया था। उसने उपाध्यक्ष से पूछा—“साहब, आज बकरा खाएंगे क्या?”
उपाध्यक्ष ने शनिवार होने की बात कहते हुए बकरा खाने से इनकार किया और उससे पूछा कि बकरा कहां कट रहा है। इस पर गिरवर ने कथित तौर पर बताया कि वह आज दो बकरे काट रहा है।
इसके कुछ ही मिनट बाद आरोपी ने वहां मौजूद दोनों सफाई कर्मचारियों पर टंगिया से हमला कर दिया।
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी गिरवर देहारी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है।
राजहरा नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटलेय ने बताया कि डौंडी में एक सफाई कर्मचारी द्वारा दो अन्य सफाई कर्मचारियों पर टंगिया से हमला करने की घटना सामने आई है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस मौके पर मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। आरोपी द्वारा बकरा काटने की बात कहे जाने और उसके बाद हुए हमले के बीच क्या संबंध है, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस फिलहाल हमले की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
स्टेट हेड रिपोर्टर — किशोर कुमार
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!