✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। सावन के पावन माह में दुर्ग जिले में भक्ति, आस्था, सनातन एकता और सामाजिक समरसता का भव्य संगम देखने को मिलेगा। शिवनाथ कांवड़ यात्रा समिति के नेतृत्व में 23 अगस्त को करीब 33 किलोमीटर लंबी शिवनाथ कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में हजारों की संख्या में शिवभक्तों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न समाजों के लोगों के शामिल होने की संभावना है।
सुबह 7 बजे भगवा ध्वज दिखाकर होगा शुभारंभ
शिवनाथ कांवड़ यात्रा का शुभारंभ 23 अगस्त को सुबह 7 बजे धर्मगुरुओं द्वारा भगवा ध्वज दिखाकर किया जाएगा। समिति के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सनातन एकता, सामाजिक समरसता, संस्कृति जागरण और नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
200 कार्यकर्ता संभालेंगे व्यवस्था
समिति के संरक्षक उपकार चंद्राकर ने बताया कि शिवनाथ कांवड़ यात्रा लगातार जनसहभागिता का बड़ा माध्यम बन रही है। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में शिवभक्त स्वप्रेरणा से यात्रा से जुड़ रहे हैं। यात्रा की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए करीब 200 कार्यकर्ता जिम्मेदारी संभालेंगे। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से अतिथियों और शिवभक्तों की सहभागिता भी रहेगी।
55 स्थानों पर होगा कांवड़ यात्रियों का स्वागत
यात्रा संयोजक विपिन चंद्राकर ने बताया कि करीब 33 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग पर लगभग 55 स्थानों पर कांवड़ यात्रियों के स्वागत की व्यवस्था की गई है। विभिन्न समाजों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक समितियों की ओर से श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से भाईचारे, सामाजिक एकता और अखंडता का संदेश भी दिया जाएगा।
महाकाल पालकी और अघोरी दल रहेगा आकर्षण
यात्रा प्रमुख वरुण यादव ने बताया कि इस बार भगवान भोलेनाथ की महाकाल पालकी झांकी, अघोरी दल और भोलेनाथ परिवार की भव्य झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा आकर्षक ढंग से सजाई गई कांवड़ लेकर यात्रा में शामिल होने वाले कांवड़ यात्रियों को समिति की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
शिवनाथ तट पर होगा रुद्राभिषेक और भव्य आरती
यात्रा के अंतिम पड़ाव पर शिवनाथ नदी के पावन तट पर भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया जाएगा। इसके बाद भव्य शिवनाथ आरती का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं के लिए विशेष आतिशबाजी और भव्य भक्ति संध्या भी आयोजित की जाएगी।
अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
समिति ने जिले और प्रदेश के शिवभक्तों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं तथा आम नागरिकों से यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
समिति के अनुसार, शिवनाथ कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, सामाजिक समरसता, सनातन एकता, संस्कृति जागरण और नशामुक्त समाज के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम बनेगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!