✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 15 नवंबर से 104 केंद्रों पर शुरू होगी धान खरीदी, किसानों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
9 नए खरीदी केंद्रों को मिली मंजूरी, छोटे किसानों को मिलेगी पहली प्राथमिकता; 36 बिंदुओं की चेकलिस्ट से होगी केंद्रों की जांच
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने जा रही है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन ने 9 नए धान उपार्जन केंद्रों को मंजूरी दी है। इसके बाद जिले में खरीदी केंद्रों की संख्या 95 से बढ़कर 104 हो गई है। जिला प्रशासन ने सभी केंद्रों में तैयारियां अंतिम चरण में होने की जानकारी दी है।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने समय-सीमा की बैठक में धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस वर्ष किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा।
वास्तविक किसानों को मिलेगा प्राथमिकता से लाभ
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी में वास्तविक किसानों के हित सर्वोपरि हैं। कोचियों और बिचौलियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए, ताकि शासन की योजना का लाभ केवल पात्र किसानों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि अपनी मेहनत की उपज बेचने आने वाले किसानों को खरीदी केंद्रों में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
खरीदी केंद्रों में बैठने, पानी और शौचालय की होगी व्यवस्था
किसानों की सुविधा के लिए सभी 104 खरीदी केंद्रों में बैठने की व्यवस्था, पेयजल और स्वच्छ शौचालय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक केंद्र के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। ये अधिकारी खरीदी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे और किसी भी गड़बड़ी की जानकारी सीधे कलेक्टर को देंगे।
खास बात यह है कि नोडल अधिकारियों को 15 नवंबर से पहले केंद्रों का निरीक्षण कर शासन की निर्धारित 36 बिंदुओं वाली चेकलिस्ट के अनुसार रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
70 प्रतिशत टोकन ऑनलाइन, 30 प्रतिशत समिति से मिलेंगे
धान खरीदी के लिए किसानों को टोकन की सुविधा ऑनलाइन और समिति स्तर, दोनों माध्यमों से उपलब्ध रहेगी। कुल टोकन में से 70 प्रतिशत टोकन ‘तुहर टोकन’ ऐप के माध्यम से तथा 30 प्रतिशत टोकन समितियों के स्तर से जारी किए जाएंगे। खरीदी में छोटे किसानों को पहली प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बाहरी धान रोकने के लिए बैरियर सक्रिय
जिले में बाहरी धान की अवैध आवक रोकने के लिए मंडी और वन विभाग के बैरियर सक्रिय कर दिए गए हैं। यहां से गुजरने वाले वाहनों और उनमें लदी सामग्री की जांच की जा रही है। कलेक्टर ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी ऋण पुस्तिका किसी अन्य व्यक्ति को न दें, ताकि उसका दुरुपयोग न हो सके।
बारदाने पहुंचे, बारिश से बचाव के लिए तिरपाल की व्यवस्था
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि खरीदी केंद्रों में बारदाने पहुंच चुके हैं। इनमें 50 प्रतिशत नए और 50 प्रतिशत पुराने बारदाने शामिल हैं। बारिश की संभावना को देखते हुए कलेक्टर ने धान को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त तिरपाल की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 नवंबर को जिले के सभी 104 केंद्रों में एक साथ धान खरीदी प्रारंभ की जाएगी।
पंजीयन से छूटे किसानों पर भी प्रशासन का ध्यान
कलेक्टर ने पिछले वर्ष धान बेचने वाले ऐसे किसानों से संपर्क करने के निर्देश दिए, जिनका इस वर्ष अब तक पंजीयन नहीं हो पाया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन किसानों का पंजीयन सुनिश्चित कराने को कहा, ताकि कोई पात्र किसान शासन की योजना के लाभ से वंचित न रहे।
विकास कार्यों और लंबित प्रकरणों की भी हुई समीक्षा
समय-सीमा की बैठक में धान खरीदी के साथ भिखमपुरा, बैगिनडीह और चंदलीडीह के कार्यों, राष्ट्रीय राजमार्ग, सड़क मरम्मत, दुर्घटना जन्य क्षेत्रों, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, छात्रावास निरीक्षण, पीएम सूर्यघर योजना, सीएम हेल्पलाइन और जनगणना कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में वन मंडलाधिकारी श्रीमती पुष्पलता टंडन, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी, एसडीएम श्री दशरथ राजपूत एवं सुश्री शिक्षा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!