✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
साक्षरता दीप से रोशन हुआ महासमुंद, निरक्षरता के खिलाफ जन-जन ने लिया संकल्प
देशव्यापी साक्षरता पखवाड़ा एवं अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर जिले में विविध कार्यक्रमों का आयोजन
महासमुंद, 08 सितम्बर 2026। देशव्यापी साक्षरता पखवाड़ा एवं अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर महासमुंद जिले में साक्षरता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों में समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान लेखक, साहित्यकार, सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवी शिक्षक एवं उल्लास के शिक्षार्थियों को शामिल किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवी शिक्षकों का सम्मान, पुस्तिका एवं साहित्य का विमोचन, उल्लास हेतु शपथ ग्रहण तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
'एक दीप साक्षरता के नाम' से दिया जागरूकता का संदेश
साक्षरता के प्रति जन-जन में जागरूकता का संदेश देने और पूरे जिले के सामूहिक संकल्प को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से मंगलवार शाम 7 बजे 'एक दीप साक्षरता के नाम' अभियान के तहत साक्षरता दीप जलाया गया। यह दीप निरक्षरता के अंधकार से ज्ञान और जागरूकता के प्रकाश की ओर बढ़ते जिले का प्रतीक बना।
मानव श्रृंखला और रैली के माध्यम से जागरूकता
साक्षरता अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्तरों पर मानव श्रृंखला का आयोजन भी किया जा रहा है। स्कूली छात्र-छात्राएं अपने घरों से साक्षरता संबंधी नारे लिखे प्ले-कार्ड लेकर रैली के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
मानव श्रृंखला में स्कूली बच्चों के साथ-साथ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवक-युवतियां, ग्रामवासी और वार्डवासी भी उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं। इस दौरान लोगों ने जिले से निरक्षरता के अभिशाप को समाप्त करने के लिए सामूहिक रूप से संकल्प व्यक्त किया।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे साक्षरता से जुड़े इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सक्रिय भागीदारी निभाएं और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा एवं साक्षरता से जोड़ने में अपना योगदान दें।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!