सांकरा-जैतपुरी मार्ग की स्वीकृति में अरुण सार्वा और विकास मरकाम की पहल लाई रंग
30 किलोमीटर सड़क के लिए 87.60 करोड़ रुपये मंजूर, वर्षों पुरानी समस्या से मिलेगी मुक्ति; ग्रामीणों में खुशी की लहर
ब्लॉक रिपोर्टर जयकिशन साहू नगरी धमतरी
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
मुख्यमंत्री, लोक निर्माण मंत्री और वित्त मंत्री से लगातार की थी मांग, ग्रामीणों ने राज्य सरकार एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति जताया आभार
वर्तमान में जर्जर सड़क
विभागीय मंत्री को मांग पत्र सौपतें सार्वा और मरकाम
फोटो - वित्तमंत्री को मांग पत्र सौपतें सार्वा और मरकाम

नगरी धमतरी जिले के सिहावा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए लंबे इंतजार के बाद राहत भरी खबर सामने आई है। सांकरा से घटुला, बेलरगांव होते हुए जैतपुरी तक लगभग 30 किलोमीटर लंबे महत्वपूर्ण मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग ने 87 करोड़ 60 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना के अंतर्गत मार्ग को दो लेन में विकसित करने के साथ आवश्यक पुल-पुलियों का निर्माण भी प्रस्तावित है। सड़क की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के अनेक गांवों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे आवागमन की सुविधा और क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया है।
जर्जर सड़क से परेशान थे ग्रामीण, लंबे समय से हो रही थी मांग
सांकरा से जैतपुरी तक का यह मार्ग आसपास के अनेक गांवों को जोड़ने के साथ सिहावा विधानसभा क्षेत्र के बड़े हिस्से के आवागमन का प्रमुख माध्यम है। लंबे समय से सड़क की बदहाल स्थिति ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी हुई डामर की परत और संकरे मार्ग के कारण वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। विद्यार्थियों, किसानों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले ग्रामीणों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ती थीं। खराब सड़क के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। क्षेत्रवासी लगातार इस मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण की मांग कर रहे थे।


Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!