✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
बिजली के तार से वन्यजीव का शिकार, दो आरोपी गिरफ्तार; न्यायालय ने भेजा जेल
सरायपाली वन विभाग की कार्रवाई, नीलगाय का शव और करीब 3 किलो जीआई तार जब्त
महासमुंद, 6 अक्टूबर 2026। वन्यजीव के अवैध शिकार के मामले में सरायपाली वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 4 अक्टूबर 2026 को सुरक्षा श्रमिकों से सूचना प्राप्त हुई कि परिसर बहेरापाली के कक्ष क्रमांक 348 एवं गोमर्डा अभयारण्य सीमा से लगे क्षेत्र में विद्युत प्रवाहित जीआई तार के माध्यम से वन्यजीव का अवैध शिकार किया गया है। सूचना मिलते ही सहायक परिक्षेत्र अधिकारी सरायपाली, परिसर रक्षक बहेरापाली एवं सुरक्षा श्रमिकों की टीम मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान परिसर बहेरापाली के कक्ष क्रमांक 348 से करीब 300 से 400 मीटर की दूरी पर एक नीलगाय का मृत शव बरामद हुआ। मौके से विद्युत प्रवाहित जीआई तार भी जब्त किया गया।
पूछताछ में बुधराम बारिहा (40 वर्ष), पिता गोवर्धन बारिहा तथा सुकलाल कुजूर (55 वर्ष), पिता दास कुजूर, दोनों निवासी ग्राम मोहनमुड़ा, थाना सरायपाली, जिला महासमुंद ने विद्युत प्रवाहित जीआई तार के जरिए वन्यजीव का शिकार करने की बात स्वीकार की।
वन विभाग ने मौके से लगभग 3 किलोग्राम जीआई तार जब्त करते हुए वन अपराध प्रकरण क्रमांक 20689/25, दिनांक 04 अक्टूबर 2026 दर्ज किया। आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
दोनों आरोपियों को 5 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, सरायपाली के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की संभावना को देखते हुए वन विभाग द्वारा विवेचना जारी है।
वन विभाग ने कहा है कि वन्यजीवों के संरक्षण और अवैध शिकार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जंगल एवं अभयारण्य क्षेत्रों में लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है। अवैध शिकार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!