✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
35-40 वर्षों से कारोबार कर रहे छोटे व्यापारियों ने मांगा अधिकार, बिना मुनाफा-बिना नुकसान (No Profit, No Loss) के आधार पर दुकान आवंटन की उठाई मांग
महासमुंद/सरायपाली। वर्षों से सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे छोटे व्यापारियों के सामने अब आजीविका का संकट खड़ा होता नजर आ रहा है। कृषि उपज मंडी समिति सरायपाली द्वारा पुरानी मंडी परिसर स्थित सब्जी बाजार की 38 दुकानों की नीलामी 5 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित किए जाने से स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों ने नीलामी प्रक्रिया का विरोध करते हुए कलेक्टर के नाम एसडीएम सरायपाली के माध्यम से सामूहिक आवेदन सौंपा है।
नीलामी की शर्तों से छोटे व्यापारियों की बढ़ी चिंता
व्यापारियों के अनुसार मंडी समिति ने पत्र क्रमांक 849, दिनांक 19 नवंबर 2026 के माध्यम से दुकान क्रमांक 1 से 38 तक की नीलामी सूचना जारी की है। नीलामी के लिए 17,655 रुपये धरोहर राशि, 44,137 रुपये प्रीमियम राशि और 15,888 रुपये वार्षिक किराया निर्धारित किया गया है।
व्यापारियों का कहना है कि अधिक बोली लगने की स्थिति में आर्थिक रूप से कमजोर छोटे दुकानदार दुकान लेने से वंचित हो सकते हैं।
35 से 40 वर्षों से चला रहे हैं कारोबार
आवेदन में व्यापारियों ने बताया कि वे पिछले 35 से 40 वर्षों से फुटपाथ, साप्ताहिक बाजार और बस स्टैंड के आसपास सब्जी बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। उनका कहना है कि सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण वे ऊंची बोली लगाकर दुकान प्राप्त करने की स्थिति में नहीं हैं।
कलेक्टर के सामने रखीं तीन प्रमुख मांगें
व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि 5 दिसंबर को प्रस्तावित नीलामी तत्काल निरस्त अथवा स्थगित की जाए। सभी 38 दुकानों को नीलामी के बजाय लागत मूल्य (No Profit, No Loss) पर वास्तविक एवं स्थानीय सब्जी व्यापारियों को आवंटित किया जाए।
इसके साथ ही विधवा, बीपीएल, दिव्यांग और लंबे समय से सब्जी बेचकर परिवार चलाने वाले गरीब व्यापारियों को प्राथमिकता देने की मांग की गई है। आवंटन प्रक्रिया पारदर्शी बनाने के लिए लॉटरी अथवा पहले आओ-पहले पाओ की व्यवस्था अपनाने का सुझाव भी दिया गया है।
अब प्रशासन के निर्णय पर टिकी व्यापारियों की निगाहें
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि मंडी व्यवस्था का उद्देश्य किसानों और छोटे व्यापारियों को सुविधा उपलब्ध कराना होना चाहिए। ऐसे में वर्षों से कारोबार कर रहे व्यापारियों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाना जरूरी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!