✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
🟥 बड़ी खबर | सारंगढ़-बिलाईगढ़
दो अलग-अलग मामलों में शराब तस्करी और अवैध बिक्री का खुलासा, 7 हजार रुपये की महुआ शराब बरामद; 15 हजार रुपये की HF डिलक्स मोटरसाइकिल भी पुलिस ने की जब्त।
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 20 नवंबर 2026। जिले में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए सरसींवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में अवैध रूप से महुआ शराब का परिवहन करने वाले दो आरोपियों और शराब बेचने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 35 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत 7 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की गई है। वहीं शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की HF डिलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पहली कार्रवाई: बाइक से हो रहा था अवैध शराब का परिवहन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को सरसींवा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बिना नंबर की HF डिलक्स मोटरसाइकिल में हरे रंग की प्लास्टिक बोरी के अंदर भारी मात्रा में महुआ शराब लेकर गाडापाली से तेंदुभाठा की ओर जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों के साथ घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान संजय रात्रे और बृज कुर्रे को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 100 प्लास्टिक पाउच में भरी लगभग 18 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 3,600 रुपये आंकी गई।
पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही पुरानी बिना नंबर की HF डिलक्स मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत 15 हजार रुपये बताई गई है, को भी जब्त किया। इस मामले में कुल 18,600 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
दूसरी कार्रवाई: घर की बाड़ी में छिपाकर रखी थी महुआ शराब
20 नवंबर 2026 को पुलिस को एक अन्य मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम घरजरा में राधाबाई साहू अपने घर की बाड़ी में अवैध बिक्री के लिए भारी मात्रा में महुआ शराब रखे हुए है।
सूचना पर सरसींवा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी और तलाशी की कार्रवाई की। इस दौरान राधाबाई साहू के कब्जे से सफेद प्लास्टिक बोरी में रखे 85 पाउच बरामद किए गए। प्रत्येक पाउच में लगभग 200 मिलीलीटर शराब भरी हुई थी। कुल 17 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत 3,400 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब जब्त कर महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. संजय रात्रे पिता समारू रात्रे, उम्र 33 वर्ष, निवासी तेंदुभाठा, थाना सरसींवा।
2. बृज कुर्रे पिता मनीराम कुर्रे, उम्र 33 वर्ष, निवासी तेंदुभाठा, थाना सरसींवा।
3. राधाबाई साहू पति चैतराम साहू, उम्र 51 वर्ष, निवासी घरजरा, थाना सरसींवा।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस दीपिका मिंज के निर्देशन और मार्गदर्शन में की गई।
सरसींवा पुलिस की इस कार्रवाई में अवैध शराब परिवहन और बिक्री के दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई जारी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!