ब्लॉक रिपोर्टर आनन्दगुप्ता हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ मुंगेली जिला 31/10/26
सरपंच चुनाव की रंजिश में अंधे कत्ल का खुलासा: सुपारी देकर अपहरण कर की हत्या, 5 आरोपी गिरफ्तार
मुंगेली। थाना सरगांव क्षेत्र के ग्राम पेण्ड्री ‘स’ में हुए सनसनीखेज अंधे कत्ल का मुंगेली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग के निर्देशन और SSP भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में थाना सरगांव और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने हत्या, अपहरण, आपराधिक षडयंत्र और साक्ष्य छिपाने के मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

संदिग्ध हालत में मिला था शव
26 अक्टूबर 2026 को सूचक चंदन साहू निवासी मारो ने थाना सरगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका साढ़ू तुलसी साहू (32 वर्ष) 25 अक्टूबर शाम 7 बजे सरगांव जाने के लिए निकला था, लेकिन लौटा नहीं और मोबाइल बंद था। तलाश करने पर उसकी मोटरसाइकिल CG 28 P 5824 जय भोलेनाथ राइस मिल के पास मिली और गणेश मिनरल्स के पास सड़क किनारे अपशिष्ट पानी के कीचड़ और कांटेदार झाड़ियों में उसका शव मिला। मर्ग जांच और पोस्टमार्टम में गला घोंटकर हत्या और पैरों को पीले बिजली के तार से बांधकर साक्ष्य छिपाने की पुष्टि हुई। इस पर थाना सरगांव में अपराध क्रमांक 166/2026 धारा 103, 238 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
सरपंच चुनाव में हार बनी हत्या की वजह
विवेचना में सामने आया कि ग्राम पेण्ड्री स निवासी धनीराम साहू वर्ष 2025 के सरपंच चुनाव में 8-9 वोटों से हार गया था। झुलुराम वर्मा सरपंच बना था और मृतक तुलसी साहू उसका मतगणना अभिकर्ता था। धनीराम को शक था कि तुलसी ने वोट निरस्त करवाकर उसे हराया। इसी रंजिश में उसने हत्या की साजिश रची।
1 लाख 20 हजार में सुपारी, 70 हजार एडवांस दिया
धनीराम ने अपने साले भुवन साहू और ओमनारायण राजपूत के जरिए कोटा निवासी सुरेंद्र जोशी से संपर्क कर 1 लाख 20 हजार रुपये में अपहरण की सुपारी तय की और 70 हजार रुपये एडवांस दिए। योजना थी कि तुलसी से स्टाम्प पर चुनावी धांधली स्वीकार करवाकर वीडियो बनाकर फिर हत्या कर दी जाए।
अपहरण कर पंप हाउस में गला घोंटा
25 अक्टूबर की शाम सुरेंद्र जोशी अपने साथी कुणाल बक्शी और 3 अन्य साथियों के साथ निशान कार CG 10 CE 2075 से पेण्ड्री पहुंचा। रात 7 बजे तुलसी को रास्ते में रोककर जबरन कार में बैठाकर अपहरण कर लिया। फिर धनीराम और भुवन आगे मोटरसाइकिल से और पीछे कार से सभी मनियारी सरगांव के पास मिले।
ट्यूबवेल के पास तुलसी को उतारकर सुरेंद्र के साथी चले गए। धनीराम और भुवन उसे टीकाराम साहू के ट्यूबवेल (पंप हाउस) में ले गए, जहां हार्वेस्टर चलने से चाबी उनके पास थी। वहां 100 रुपये के स्टाम्प पर धांधली स्वीकार करने का शपथ पत्र लिखवाया और भुवन ने वीडियो बनाया। फिर बिजली के तार से पैर बांधकर गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को घसीटकर मोटरसाइकिल पर ले जाकर गणेश मिनरल्स के कीचड़ में फेंककर झाड़ियों से ढक दिया। मृतक के जूते, जैकेट, चार्जर पोल्ट्री फार्म शेड में छिपाए, मोबाइल राकिंग ढाबा के पीछे खेत में फेंका और गमछा जला दिया। टीकाराम साहू ने साक्ष्य छिपाने में सहयोग किया।
5 गिरफ्तार, कार-तार-वीडियो जब्त
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए -
1. धनीराम साहू (40) पेण्ड्री स
2. भुवन साहू (28) किरना
3. ओम उर्फ ओमनारायण राजपूत (25) पेण्ड्री स
4. सुरेंद्र जोशी (25) दर्रीकापा, कोटा, बिलासपुर
5. टीकाराम साहू (53) मोहभट्ठा
को 30 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। इनसे पंप हाउस के तार के टुकड़े, मृतक के जूते, जैकेट, चार्जर, मोबाइल, स्टाम्प पेपर, हत्या का वीडियो, मोटरसाइकिल, निशान कार और सुपारी के 10 हजार रुपये जब्त किए गए। प्रकरण में धारा 140(3), 61(2) BNS जोड़ी गई है। अन्य आरोपी कुणाल बक्शी सहित 3 की तलाश जारी है।
अंधे कत्ल के खुलासे पर IG बिलासपुर ने पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!