सरदार पटेल के आदर्शों पर बनेगा सुरक्षित, समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ - उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, राष्ट्रीय एकता दिवस पर माना में ली परेड की सलामी
हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट
गुजरात के एकता नगर में बस्तर फाइटर्स, DRG और STF के जवानों ने दिखाया शौर्य, बस्तर में शांति और विकास के नए युग की शुरुआत का ऐलान

जगदलपुर/रायपुर, 31 अक्टूबर 2026/ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आज छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की चौथी वाहिनी, माना में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने परेड की सलामी ली, मार्च पास्ट का अवलोकन किया और उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने सरदार पटेल को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
सरदार पटेल ने रखी अखंड भारत की नींव
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से 560 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कर अखंड भारत की नींव रखी। उनका जीवन हमें सिखाता है कि राष्ट्रीय एकता सिर्फ भौगोलिक एकीकरण नहीं, बल्कि हर नागरिक के मन में राष्ट्र के प्रति विश्वास और समर्पण है।

नक्सलवाद के खिलाफ ऐतिहासिक जीत, बस्तर में नया युग शुरू
श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ ने नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। एक समय देश के 126 जिले वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित थे, आज सुरक्षा बलों के साहस और जनता के सहयोग से इसमें अभूतपूर्व परिवर्तन आया है।

कभी नक्सली हिंसा से प्रभावित रहे बस्तर के दूरस्थ अंचलों में आज शांति, सुरक्षा और विकास की नई उम्मीद जगी है। हमारा लक्ष्य सिर्फ नक्सलवाद खत्म करना नहीं, बल्कि बस्तर के हर गांव तक सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पहुंचाना है।
शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि, छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन
समारोह में उप मुख्यमंत्री ने नक्सली हिंसा में शहीद जवानों की स्मृति में लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन कर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि बस्तर में स्थापित हो रही शांति के पीछे वीर जवानों का त्याग और बलिदान है।
गुजरात के एकता नगर में छत्तीसगढ़ के वीरों ने दिखाया पराक्रम
समारोह में गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता परेड का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। इस राष्ट्रीय परेड में छत्तीसगढ़ पुलिस ने गौरवशाली भागीदारी निभाई।
छत्तीसगढ़ पुलिस के डीएसपी बृज किशोर यादव ने टू-आईसी की जिम्मेदारी निभाई। डीएसपी सुश्री अमृता पैंकरा के नेतृत्व में बस्तर फाइटर्स की महिला कमांडो, डीएसपी कुलदीप बंजारे के नेतृत्व में DRG और डीएसपी ओमप्रकाश सिंह के नेतृत्व में STF के जवानों ने मार्च पास्ट किया। नक्सल विरोधी अभियानों में अहम भूमिका निभाने वाले इन बलों की राष्ट्रीय मंच पर मौजूदगी छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण रही।

नाट्य मंचन से जीवंत हुई शांति की यात्रा
समारोह में नक्सलवाद के विरुद्ध संघर्ष से शांति और विकास तक की यात्रा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति भी हुई, जिसमें बस्तर के युवा कलाकारों ने भाग लिया।
इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, एडीजी प्रदीप गुप्ता, अमित कुमार, आईजी अंकित गर्ग सहित वरिष्ठ अधिकारी, शहीद जवानों के परिजन, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
-
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!