Wednesday, September 30 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

सरकारी राशन दुकान से करीब 16 लाख का राशन गायब, संचालक गिरफ्तार; 778 बोरी चावल की कमी का खुलासा

State Head - Kishor
State Head - Kishor
39 Views 5 Min Read 0 Comments
सरकारी राशन दुकान से करीब 16 लाख का राशन गायब, संचालक गिरफ्तार; 778 बोरी चावल की कमी का खुलासा

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में सरकारी राशन दुकान से बड़े पैमाने पर राशन गबन का मामला सामने आया है। खाद्य विभाग की जांच और भौतिक सत्यापन में चावल के स्टॉक में भारी कमी पाए जाने के बाद पुलिस ने राशन दुकान संचालक टोपेश्वर साहू को गिरफ्तार किया है। जांच के मुताबिक, इस गड़बड़ी से शासन को करीब 15.91 लाख रुपये की वित्तीय हानि होने का अनुमान है।

मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र के जोरा वार्ड क्रमांक 51 स्थित सरकारी राशन दुकान का है। संबंधित दुकान का आईडी क्रमांक 442001026 बताया गया है। खाद्य विभाग की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।

हितग्राहियों ने की थी राशन नहीं मिलने की शिकायत

रायपुर मध्य जोन के डीसीपी तारकेश्वर पटेल के मुताबिक, खाद्य विभाग ने 29 अक्टूबर 2025 को राशन दुकान का निरीक्षण किया था। इस दौरान हितग्राहियों ने शिकायत की कि उन्हें अक्टूबर महीने का पीडीएस चावल और शक्कर नहीं मिला है।

जांच के दौरान दुकान में करीब 265 राशन कार्ड पाए गए। आरोप है कि दुकान संचालक ने हितग्राहियों से राशन कार्ड जमा कराने के साथ ई-पॉस मशीन के जरिए उनका बायोमेट्रिक सत्यापन कराया, लेकिन इसके बाद न तो राशन कार्ड वापस किए गए और न ही हितग्राहियों को राशन दिया गया।

स्टॉक और रिकॉर्ड में मिला बड़ा अंतर

खाद्य विभाग की जांच में ई-पॉस रिकॉर्ड और दुकान के वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर पाया गया। प्रारंभिक जांच में करीब 333.97 क्विंटल चावल की कमी सामने आई थी। विभागीय जांच में करीब 81.07 क्विंटल चावल के गबन की बात भी सामने आई थी।

रिकॉर्ड के अनुसार 12 से 15 अक्टूबर 2025 के बीच राशन दुकान में करीब 232.90 क्विंटल चावल पहुंचा था, लेकिन उसकी विधिवत पावती नहीं ली गई थी। जांच के दौरान दुकान में स्टॉक रजिस्टर और आवश्यक सूचना बोर्ड भी नहीं मिले।

नोटिस के बाद किया गया था निलंबित

राशन दुकान में अनियमितता पाए जाने के बाद संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। हालांकि, उसके द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर 4 नवंबर 2025 को राशन दुकान संचालक को निलंबित कर दिया गया। इसके बाद दुकान को दूसरी संस्था से जोड़ दिया गया।

7 नवंबर 2025 को दुकान हस्तांतरण के लिए दोबारा भौतिक सत्यापन कराया गया। इस दौरान चावल की कमी बढ़कर 389.24 क्विंटल यानी 778.48 बोरी पाई गई।

पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

खाद्य विभाग की जांच में सरकारी राशन के गबन और धोखाधड़ी से शासन को करीब 15.91 लाख रुपये की वित्तीय हानि होने का अनुमान सामने आया। इसके बाद खाद्य अधिकारी ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने साक्ष्य और दस्तावेजों के आधार पर राशन दुकान संचालक टोपेश्वर साहू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है।

State Head - Kishor
Written by

State Head - Kishor

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in अपराध.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos